अमर उजाला ब्यूरोमुरादाबाद। शहर के पांच परिषदीय स्कूलों में बालिका दिवस पर भारतीय सूफी फाउंडेशन के प्रस्तावित कार्यक्रमों पर प्राचीन सिद्धपीठ श्री काली माता जी मंदिर के महंत ने आपत्ति जताई है।
खंड शिक्षा अधिकारी नगर वेगीश गोयल ने प्राथमिक विद्यालय मिलक मुकर्रबपुर, प्राथमिक विद्यालय कानून गोयान, प्राथमिक विद्यालय नवाबपुरा बालक, प्राथमिक विद्यालय नवाबपुरा कन्या, कंपोजिट विद्यालय कटार शहीद में बालिका दिवस पर भारतीय सूफी फाउंडेशन द्वारा लेखन और ड्राइंग प्रतियोगिता के आयोजन की अनुमति दी है। इस पर प्राचीन सिद्धपीठ श्री काली माता जी मंदिर के महंत राम गिरि महाराज ने कहा कि मुरादाबाद के बेसिक शिक्षा विभाग के नगर क्षेत्र मुरादाबाद के खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा सूफी फाउंडेशन नाम की संस्था को बिना शासन की अनुमति के सरकारी स्कूलों में कार्यक्रम करने के लिए कह दिया है। साथ ही इसके लिए अधिकारिक रूप से पत्र भी जारी किया है जो पूर्ण रूप से गलत है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस पर प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी वेगीश गोयल ने कहा कि एनजीओ बच्चों के लिए अच्छा कार्यक्रम करा रहा है, इसलिए अनुमति दी है। जो आपत्ति व्यक्त कर रहे हैं यदि वह भी बच्चों के लिए कुछ करना चाहें तो हम उनका भी स्वागत करते हैं।