मुरादाबाद। अमर उजाला के अभिनव अभियान मां तुझे प्रणाम का आगाज 12 अगस्त को तिरंगा यात्रा के साथ किया जाएगा। बृहस्पतिवार को अमर उजाला कार्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में इसकी रूपरेखा तैयार की गई। विभिन्न सामाजिक संगठनों की महिला पदाधिकारियों ने अपने सुझाव दिए और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि वे 12 अगस्त को तिरंगा यात्रा और 15 अगस्त को सामूहिक राष्ट्रगान में शामिल होंगी। साथ ही अन्य लोगों को भी प्रेरित करेंगी।
कौशल्या कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. मधुबाला त्यागी ने कहा कि तिरंगा यात्रा से देशभक्ति का संचार होता है। ऐसे आयोजनों से हमारी भावनाएं जुड़ी हैं। 9 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी की मेजर डॉ. मीनू मेहरोत्रा ने कहा कि बाइक व साइकिल यात्रा केवल रैली नहीं, बल्कि जनजागरण का माध्यम है।
अखिल भारतीय क्षत्रिय विकास मंच की मंडल अध्यक्ष डॉ. शशि सिंह और मंडल उपाध्यक्ष रेखा बिष्ट ने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारियों को बाइक रैली में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
आओ हाथ बढ़ाएं संस्था की अध्यक्ष गीतांजलि पांडेय ने बताया कि वे अन्य संस्थाओं के पदाधिकारियों को भी इस अभियान से जोड़ेंगे, ताकि शहरवासियों में उत्साह दोगुना हो। अस्तित्व स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष नीतू सक्सेना ने कहा कि समूह की सभी महिलाओं को शामिल करवाने के साथ ही परिवार के साथ रैली में शामिल होकर देशभक्ति का संदेश देंगे।
अन्य क्लब की महिलाओं को भी करेंगी प्रेरित
इनरव्हील क्लब मिडटाउन की सचिव अरुणा गोयल व आईएसओ संजना अग्रवाल ने कहा कि वह अपने क्लब के अलावा अन्य संस्थाओं को प्रेरित करेंगी। कहा कि महिलाओं के साथ यात्रा में अधिक से अधिक युवाओं को शामिल किया जाना चाहिए। हेल्थ एंड वेलनेस क्लब की मरियम वारसी ने कहा कि समाज की महिलाएं बढ़चढ़ कर प्रतिभाग करें, इसके लिए उनको प्रोत्साहित किया जाएगा।
सोशल मीडिया से जागरूकता
गोल्डन लायनेस क्लब मुरादाबाद आर्यन की रीजन चेयरपर्सन रति रस्तोगी और अध्यक्ष रेखा सिंह ने कहा कि यह सिर्फ रैली नहीं है, बल्कि इसे हम त्योहार की तरह मनाएंगे। सोशल मीडिया के माध्यम से शहरवासियों को जागरूक किया जाएगा।
अनूठा संगम है यह रैली
चेयरपर्सन एसडीएम इंटर कॉलेज शिवानी सिंह ने कहा कि अमर उजाला की बाइक व साइकिल रैली निश्चित रूप से देशभक्ति का अनूठा संगम है। यह एक ऐसा आयोजन है जो विद्यार्थियों में अपने देश के प्रति प्रेम व सम्मान व्यक्त करने का अवसर देता है। इसलिए इसमें अधिक से अधिक विद्यार्थी शामिल हो सकें, यह प्रयास किए जाएंगे।
यह अभियान याद दिलाता है कि देश सबसे पहले है
लेडीज क्लब की अध्यक्ष डॉ. विमिता अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा रैली में हम सभी महिलाएं गर्व से शामिल होंगी। तिरंगा हमारे सम्मान और बलिदान का प्रतीक है। जैन सेवा समिति की अध्यक्ष नीलम जैन ने कहा कि तिरंगा रैली राष्ट्र प्रेम की भावनाओं का संगम है। मां तुझे प्रणाम अभियान हमें याद दिलाता है कि देश सबसे पहले है।
कार्यक्रम की रूपरेखा
अभियान के तहत 12 अगस्त को शहर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। तिरंगे, नारों और देशभक्ति गीतों के साथ यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। 15 अगस्त को सामूहिक राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 19 अगस्त को तीजोत्सव व महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।