बिना शोर वाली बसें, आरामदायक सीटें और स्पीड भी अच्छी... अगर सबकुछ ठीक ठाक रहा है तो सरकारी बसों का सफर भी अच्छा लगने लगेगा। दरअसल परिवहन विभाग बसों में चायनीज तकनीक इस्तेमाल करेगा। जिससे बस का लुक भी स्मार्ट होगा और सफर भी आरामदायक।
परिवहन विभाग कानपुर में केंद्रीय कार्यशाला बनाए जाने की तैयारी में है। महाराष्ट्र में चायनीज तकनीक वाली बसों का संचालन पहले से ही किया जा रहा है। पिछले दिनों सेंट्रल इंस्टीट्यूट आफ रोड ट्रांसपोर्ट पुणे में एक सेमिनार का आयोजन किया गया था। सेमिनार में यूपी रोडवेज के प्रधान प्रबंधक रमेश कुमार ने भी हिस्सा लिया था।
जहां बसों में इस्तेमाल की जा रही नई तकनीक पर चर्चा की गई। साथ ही रोडवेज बसों को और बेहतर बनाने पर मंथन किया गया। अब बसाें की बाडी चायनीज तकनीक से बनाई जाएगी। इस तकनीक का फायदा यात्रियों के साथ-साथ रोडवेज को भी होगा। सीटों और आरामदायक बनाया जाएगा।
वहीं बसाें का वजन आठ टन के बजाए छह टन होगा। इससे डीजल और सीएनजी की खपत भी कम होगी। आरएम पीआर बेलवारियर ने बताया कि शासन स्तर पर बसाें को और बेहतर बनाने की कवायद चल रही है। ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। चायनीज तकनीक से जुड़ने की योजना इसका एक हिस्सा है।