मुरादाबाद। भोजपुर थानाक्षेत्र में रहने वाला प्रेमी जोड़ा गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंच गया। दोनों ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि वह निकाह कर चुके हैं। उन्होंने अपने परिजनों से जान माल का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
एक युवक और युवती भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव निवासी हैं। युवक ने बताया कि पांच साल से उसका गांव निवासी युवती से प्रेम प्रबंध हैं। पांच जनवरी को निकाह कर चुके हैं। उसे रजिस्टर्ड कराने के लिए भी आवेदन कर दिया है। जहां से दो माह का वक्त मिला है। दोनों ने हाईकोर्ट में अर्जी लगाकर सुरक्षा के लिए आदेश भी करा लिया है। युवक और युवती ने बताया कि गुरुवार को दोनों अपने निकाह के पंजीकरण के संबंध में ही कचहरी परिसर आए थे। इस दौरान युवती के परिजन आ गए और उन्होंने दोनों को घेरने की कोशिश की। एसएसपी ने दोनों को पुलिस सुरक्षा में सिविल लाइंस थाने भिजवा दिया। थाना प्रभारी दरवेश कुमार ने बताया कि दोनों बालिग हैं और सहमति से निकाह करने की बात कहे हैं। हाईकोर्ट में भी दोनों ने सुरक्षा के लिए अर्जी लगाई थी। जहां से आदेश हुआ है। दोनों को सुरक्षा में जिम्मेदार लोगों की सुपुर्दगी में दिया जाएगा।