दिल्ली हाईवे पर पाकबड़ा थानाक्षेत्र में मंगलवार दोपहर नानकबाड़ी गांव के पास कार सवार पांच बदमाशों ने गजरौला के सीमेंट कारोबारी विजेंद्र सिंह की कार ओवरटेक कर रुकवा ली। रामपुर के स्वार से पेमेंट लेकर लौट रहे कारोबारी और उनकी पत्नी को बदमाशों तमंचे के बल पर बंधक बनाकर कार में बैठा लिया। करीब दो किलोमीटर कार दौड़ाने के बाद बदमाश पति-पत्नी को कार से फेंक दिया और दो लाख रुपये व कार लूटकर फरार हो गए। इस घटना में पति पत्नी घायल हो गए।
अमरोहा जनपद के गजरौला की बैंक कालोनी निवासी विजेंद्र सिंह पुत्र करन सिंह का सीमेंट का कारोबार है। मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा और संभल में उनका सीमेंट जाता है। वह हर मंगलवार को पेमेंट लेने जाते हैं। मंगलवार सुबह विजेंद्र सिंह अपनी सेंट्रो कार से रामपुर के स्वार पेमेंट लेने गए थे। चार दुकानदारों से उन्होंने करीब एक लाख 90 हजार रुपये लिए। जबकि दस हजार रुपये विजेंद्र सिंह के पास थे। उन्होेंने सभी रुपयों को कार की डिब्बी में रख लिया था।
मंगलवार दोपहर वह लौट रहे थे। करीब डेढ़ बजे इनकी कार पाकबड़ा थानाक्षेत्र के नानकबाड़ी गांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से कार सवार पांच बदमाश आ गए और ओवरटेक कर विजेंद्र सिंह की कार को रुकवा लिया। पति-पत्नी कुछ समय पाते। इससे पहले ही बदमाशों ने तमंचा दिखाकर दोनों को कब्जे में ले लिया। एक बदमाश ड्राइवर सीट पर बैठ गया और गाड़ी हाईवे से नीचे उतार कर उमरी सब्जीपुर ले गए। यहां रास्ता भटकने के बाद बदमाश वापस लौट आए।
नानकबाड़ी के पास पति-पत्नी को कार से धक्का दे दिया और बदमाश दोनों कारों को मालीपुर की ओर लेकर फरार हो गए। करीब पौन घंटे बाद पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की। लेकिन बदमाश फरार होने में कामयाब हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।