लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही बची सीटों पर टिकटों के लिए रस्साकशी तेज हो गई है। मुरादाबाद मंडल की छह में चार सीटों पर पहले चरण में चुनाव होना है। अमरोहा सीट पर दूसरे तो संभल में तीसरे चरण में चुनाव होगा।
लोकसभा चुनाव का एलान होते ही मुरादाबाद मंडल की छह सीटों पर टिकटों की रस्साकशी तेज हो गई है। मंडल की चार सीटों पर पहले चरण में चुनाव होगा, जिसके लिए नामांकन की प्रक्रिया 20 मार्च से शुरू होगी। इनमें से कई सीटों पर अभी कई प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
विज्ञापन
टिकट के दावेदार दिल्ली से लेकर लखनऊ तक की दौड़ लगा रहे हैं। टिकटों की घोषणा होते ही सियासी घमासान और तेज हो जाएगा। अभी तक मंडल में भाजपा ने छह में चार सीटों पर अपने प्रत्याशी का एलान कर दिया है। गठबंधन में भाजपा ने बिजनौर सीट रालोद के लिए छोड़ी है। रालोद ने यहां से प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
सपा ने अब तक दो सीटों पर प्रत्याशी का एलान किया है। बसपा ने भी अभी तीन सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। कांग्रेस के खाते में मंडल की एक सीट है जिस पर अभी प्रत्याशी का एलान नहीं किया गया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में मंडल की छह में छह सीटों पर सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशियों ने कब्जा किया था।
विज्ञापन
सपा ने रामपुर, मुरादाबाद और संभल सीट पर जीत हासिल की थी तो बसपा ने अमरोहा, बिजनौर और नगीना में कामयाबी हासिल की थी। इस बार इन दोनों दलों की राहें जुदा हैं। सपा ने कांग्रेस को चुनावी साझीदार बनाया है और मंडल की अमरोहा सीट कांग्रेस के खाते में है। इस पर भी अभी प्रत्याशी का एलान नहीं हुआ है।
मंडल की लोकसभा सीटों में चार पर प्रत्याशी का एलान करके भाजपा सबसे आगे चल रही है। दूसरे नंबर बसपा है जिसने अब तक तीन प्रत्याशियों का एलान किया है। सपा ने अभी तक सिर्फ नगीना और बिजनौर में ही अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं।
पिछले चुनाव में जिन तीन सीटों पर सपा को जीत हासिल हुई थी, उन पर अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किए गए हैं। सपा ने संभल से डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क को अपना प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन उनका निधन हो गया है। ऐसे में सपा को संभल में भी प्रत्याशी की घोषणा करनी है।
चुनाव में टिकट हासिल करने के लिए सपा में सबसे अधिक रस्साकशी मुरादाबाद, रामपुर और संभल सीट को लेकर हैं। लोकसभा की इन तीनों सीटों पर पिछले चुनाव में सपा को जीत मिली थी। इस बार पार्टी के कई नेता इन सीटों पर अपना दावा ठोक रहे हैं।
दावेदारों की संख्या अधिक होने की वजह से पार्टी फैसला नहीं कर पा रही है। लगभग यही स्थिति भाजपा से मुरादाबाद लोकसभा सीट को लेकर है। इस सीट पर टिकट के कई दावेदार है। अमरोहा सीट पर कांग्रेस से टिकट पाने की कोशिश करने वालों की भी फेहरिस्त लंबी है।
राजनीति के जानकारों का कहना है कि मंडल में टिकट को लेकर जो रस्साकशी चल रही है वह अभी जारी रह सकती है। क्योंकि जिन सीटों पर दावेदारों की संख्या अधिक है वहां नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि से एक-दो दिन पहले प्रत्याशी का एलान किया जा सकता है।
भाजपा के प्रत्याशी
रामपुर घनश्याम लोधी
अमरोहा कंवर सिंह तंवर
संभल परमेश्वर लाल सैनी
नगीना ओम कुमार
मुरादाबाद ...
रालोद के प्रत्याशी
बिजनौर चंदन चौहान
बसपा के प्रत्याशी
मुरादाबाद इरफान सैफी
अमरोहा मुजाहिद हुसैन
नगीना चौधरी विजेंद्र सिंह
सपा के प्रत्याशी
नगीना मनोज कुमार
बिजनौर यशवीर सिंह
चंद्रशेखर आजाद नगीना से उतर सकते हैं मैदान में
आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद नगीना सीट से मैदान में उतर सकते हैं। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि सपा उनको समर्थन दे सकती है, लेकिन पार्टी ने यहां अपने प्रत्याशी का एलान कर दिया है।
आजम की पसंद का होगा रामपुर और मुरादाबाद का प्रत्याशी
सपा नेता आजम खां भले ही सीतापुर की जेल में बंद हैं। लेकिन उनकी राजनीतिक हनक बरकरार है। रामपुर और मुरादाबाद सहित पश्चिम की कई सीटों पर टिकत के फैसले के समय सपा मुखिया अखिलेश यादव आजम की राय जानने की कोशिश करेंगे।