मुरादाबाद में पांच लोगों की मौत के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। बृहस्पतिवार शाम को पुलिस व प्रशासनिक और आबकारी विभाग के अधिकारी फोर्स के संग आदर्श कॉलोनी में पहुंच गए। पुलिस फोर्स को देख कॉलोनी में हड़कंप मच गया। कच्ची शराब बनाने में लिप्त इधर-उधर छिप गए।
चारों तरफ से घेराबंदी की गई। इस दौरान कॉलोनी में भगदड़ मच गई। यहां शराब पीने वाले खेतों की ओर भाग निकले। इस दौरान टीमों ने शराब का नष्ट किया और भट्ठियां तोड़ दी गईं। मौके से कुछ लोगों को पकड़ा गया। जिन्हें थाने भेज दिया गया।
शराब पीने से पांच लोगों की मौत के मामले को आबकारी विभाग ने खारिज कर दिया। अधिकारियों का दावा है कि इन पांचों की मौतें शराब पीने से नहीं हुईं हैं। सभी ने एक साथ कई दिन पुराना चिकन खाया था। फूड प्वाइजनिंग में सभी ने जान गंवाई है।
यहां सवाल यह उठता है तक जब शवों का पोस्टमार्टम नहीं हुआ तो फूड प्वाइजनिंग की पुष्टि कैसे हो गई। दीपू उर्फ संदीप ने अपने ममेरे भाई विक्की के साथ आदर्श कॉलोनी में शराब पी थी। इनके साथ चंद्रपाल, सुंदरपाल और महेश भी मौजूद थे।