मुरादाबाद। एसआईआर का काम करने वाले शिक्षक अधिकारियों के दबाव से तनाव में हैं। बीएलओ स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। बीएलओ को एसआईआर का ऑनलाइन फॉर्म रात दो बजे तक भरना पड़ रहा है। न तो नींद पूरी हो रही है और न ही समय पर खाना खा पा रहे हैं। अनियमित हो चुकी दिनचर्या से जूझ रहे शिक्षकों का कहना है कि अधिकारी जल्द से जल्द एसआईआर फॉर्म जमा करने का दबाव बना रहे हैं। इसके कारण मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिले में बेसिक शिक्षा परिषद के 1200 से अधिक विद्यालय हैं। इनमें 1.52 लाख विद्यार्थी पढ़ते हैं। इन स्कूलों में 4000 से अधिक शिक्षक हैं। इनमें से आधे से अधिक शिक्षकों को बीएलओ की ड्यूटी दी गई है। शिक्षकों ने बताया कि एसआईआर फॉर्म भरवाने को लेकर कई तरह की समस्या बनी हुई है। सबसे अधिक समस्या तक आती है जब लोग घर पर नहीं मिलते हैं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद मुरादाबाद के पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षकों को रात दो बजे तक काम करना पड़ रहा है। इसके कारण वह अवसाद का शिकार हो रहे हैं। शिक्षकों के ऊपर एसआईआर फार्म जल्द से जल्द भरवाने का अधिकारियों की ओर से दबाव बना हुआ है। अधिकारियों द्वारा कहा गया कि रविवार को सभी शिक्षक बीएलओ की ड्यूटी करने वालों का सहयोग करेंगे। एक भी दिन का अवकाश नहीं मिल रहा है। सीएल की छुट्टियां कैंसिल कर दी गई है। कई शिक्षक बीमार होने के बावजूद बीएलओ का काम कर रहे हैं।
00
बीएलओ के सामने आ रही समस्याएं
-बीएलओ द्वारा दिए गए फॉर्म को वापस नहीं किया जा रहा है
-राजनीतिक दल दबाव बना रहे हैं
-20 प्रतिशत लोगों के कई वोटर कार्ड हैं
-रात में दो बजे तक एसआईआर फॉर्म भराने के लिए फोन आता रहता है
00
-बीएलओ पर काम अधिक और समय कम है, मतदाता अपेक्षानुरूप संवेदनशील नहीं है। अधिकारी दबाव बना रहे हैं। अधिकारियों को चाहिए कि वह शिक्षकों के साथ विनम्रता के साथ पेश आएं और अधिक दबाव न बनाएं। -दिनेश चंद्र शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश
-इस समय बीएलओ के ऊपर अधिकारियों का काफी दबाव है। इसलिए बीएलओ अवसाद का शिकार हो रहे हैं। इसके कारण शिक्षक आत्म हत्या करने के लिए मजबूर हैं।-संजय कुमार सिंह, जिला कोषाध्यक्ष, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद मुरादाबाद
- शिक्षकों को बीएलओ की ड्यूटी पर लगाकर उनका मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। सर्वर डाउन होने के कारण एसआईआर का काम भी प्रभावित हो रहा है। एक फार्म भरने में 10 मिनट का समय लगता है।- डॉ. नीरज शर्मा, जिलाध्यक्ष, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद मुरादाबाद
-बीएलओ का काम करने में शिक्षकों को काफी परेशानी हो रही है। खुद के फोन से एसआईआर फार्म भरना है। सरकार की ओर से किसी तरह की कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।-हिमांशु वशिष्ठ, ब्लॉक मंत्री, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद मुरादाबाद