ठाकुरद्वारा। क्षेत्र के बैंकों से ग्राहकों को उनकी मांग से कम कैश मिल पा रहा है। कुछ बैंक एक ग्राहक को अधिकतम 50 हजार रुपये ही कैश दे रहे हैं। इस बीच ग्राहकों का रुख एटीएम की ओर बढ़ने से वहां भी लंबी लाइनें लग रही हैं।
वोवदवाला निवासी आदर्श कुमार ने बताया कि वह पीएनबी में अपने खाते से एक लाख रुपये निकालने गए थे लेकिन उन्हें सिर्फ 50 हजार कैश ही दिया गया। बैंक में कम कैश बताते हुए ज्यादा भुगतान से मना कर दिया।
गांव कमलापुरी खालसा निवासी धर्मवीर सिंह ने बताया कि उन्हें सेंट्रल बैंक की शाखा से सिर्फ 50 हजार रुपये ही मिल सके, जबकि वह अपनी जरूरत के मुताबिक 80 हजार रुपये निकालने बैंक गए थे। बैंक के फील्ड ऑफिसर प्रदीप कुमार ने बताया कि 50 हजार रुपये से अधिक के लिए चेक से भुगतान हो सकता है। अधिक कैश भुगतान के लिए कम से कम दो दिन पहले बैंक को बताना होगा।
प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक ठाकुरद्वारा शाखा के प्रबंधक वामदेव का कहना है कि तीन दिन से मुख्यालय से कैश नहीं आ पा रहा है। जमा होने वाले कैश से ही ग्राहकों को भुगतान किया जा रहा है।
उधर, ठाकुरद्वारा निवासी जीशान ने बताया कि एटीएम से पैसे निकालने के लिए नगर में भटकना पड़ा। कई एटीएम चेक किए मगर कैश न होने से पेमेंट नहीं निकल सका। पीएनबी की ठाकुरद्वारा शाखा के प्रबंधक कुलदीप शर्मा ने बताया कि मुख्यालय से बैंक को कम कैश मिलने के कारण इस तरह की स्थिति है। कुछ बैंकों के एटीएम में भी कम कैश फीड किया जा रहा है।