कांठ। क्षेत्र के गांव गोपालपुर में घर में घुसा तेंदुआ ग्रामीण के पालतू कुत्ते को उठाकर ले गया। जिससे ग्रामीणों में तेंदुए की दहशत व्याप्त हो गई है। उन्होंने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाने की मांग की है।
कांठ के गांव गोपालपुर के ग्राम प्रधान ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि मंगलवार को आधी रात के बाद गांव के ही रहने वाले शीशपाल सिंह जाटव के घर में तेंदुआ घुस गया और उनके पालतू कुत्ते को उठाकर ले गया। कुत्ते के शोर मचाने पर परिजन नींद से जागे, लेकिन तब तक तेंदुआ कुत्ते को उठाकर ले जा चुका था। देखने पर आसपास तेंदुए के पंजों के निशान भी मिले हैं। गांव गोपालपुर में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गई है। गोपालपुर, बहादरपुर खद्दर, मल्लीवाला, चैदरी अकबरपुर आदि गांवों के ग्रामीण तेंदुए की दहशत में हैं। बता दें कि 30 जून को तेंदुए ने खेत से पशुओं के लिए चारा लेने गई 17 वर्षीय सानिया पर तेंदुए ने हमला कर उसे घायल कर दिया था। तभी से ग्रामीण पिंजरा लगाने की मांग कर रहे हैं। ग्राम प्रधान ओमप्रकाश सिंह, विजयपाल सिंह, राम सिंह, विजेंद्र सिंह, अहसान सैफी, रामौतार सिंह, हरपाल सिंह, महीपाल सिंह आदि ने दहशत का पर्याय बने तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
छजलैट क्षेत्र के गांव अन्यारी से सोमवार की रात पकड़ा गया तेंदुआ बुधवार की शाम तक भी डियर पार्क में ही मौजूद था। डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित कहां छोड़ा जाना है, इस पर वरिष्ठ अधिकारी विचार कर रहे हैं। बता दें कि वन विभाग की टीम ने सोमवार की सुबह ही गांव अन्यारी में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था, जिसमें 12 घंटे के भीतर ही तेंदुआ फंस गया था।