कांठ। छजलैट क्षेत्र के गांव नजराना में फिर से तेंदुआ दिखाई दे रहा है। पिछले कई दिन से ग्रामीण यहां तेंदुआ दिखाई देने की बात कह रहे हैं। जिससे गांव और उसके आसपास के क्षेत्र में तेंदुए का खौफ बरकरार है। वन विभाग की टीम ने मौका मुआयना करने के बाद पिंजरा लगवाने की बात कही है।
कांठ तहसील व छजलैट थाना क्षेत्र के गांव नजराना में 28 नवंबर को खेतों पर जा रही चकरोड पर ग्रामीण द्वारा जंगली जानवरों, खरगोश आदि पकड़ने के लिए लगाए गए शिकंजे में एक मादा तेंदुआ फंस गई थी। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को टैंक्यूलाइज (बेहाश) कराकर पिंजरे में बंद कर लिया था और उसे अमानगढ़ के जंगल में ले जाकर छोड़ दिया था। लेकिन अब ग्रामीणों का दावा है कि जिस स्थान पर मादा तेंदुआ पकड़ी गई थी, उसी के आसपास फिर से एक तेंदुआ कई दिन से दिखाई दे रहा है।
सोमवार को वन विभाग के डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। उन्होंने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाने का आश्वासन भी ग्रामीणों को दिया है और सावधानी बरतने के लिए कहा। बिना लाठी-डंडे खेतों पर अकेले न जाने की सलाह दी है। डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को पिंजरा लगाया जाएगा।