कांठ। गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में धरने के दौरान किसानों पर पुलिस द्वारा की गई जबरदस्ती और उनकी गिरफ्तारी पर किसान एकता संघ ने रोष जताया है। पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्री ज्ञापन एसडीएम प्रिंस वर्मा को दिया है।
सोमवार को तहसील पहुंचे किसान एकता संघ के जिलाध्यक्ष अनुज चौधरी, जिला महासचिव अभिजीत ग्रेवाल, जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह आदि ने प्रतिनिधि मंडल के रूप में एसडीएम को ज्ञापन देते हुए कहा कि गौतमबुद्ध नगर में किसानों से साथ पुलिस द्वारा की गई जबरदस्ती से देश भर के किसानों में गुस्सा है। धरना प्रदर्शन कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारियों सहित किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान को भी धरना स्थल से बलपूर्वक गिरफ्तार किया गया। यह पुलिस का उचित कदम नहीं हैं, उसका किसान एकता संघ विरोध करता है।
प्रतिनिधि मंडल ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि जल्द से जल्द गौतमबुद्ध नगर के किसानों की मांगों को पूरा किया जाए, गिरफ्तार किए गए किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान सहित सभी किसानों रिहा करने, पंजाब के किसानों के चल रहे आंदोलन पर बर्बरता बंद करने और एमएसपी की मांग को पूरा किए जाने और किसानों के धरने से पुलिस का पहरा हटवाने की मांग की।