कांठ (मुरादाबाद)। क्षेत्र में तेंदुओं की लगातार आमद से लोगों में दहशत का माहौल है। रविवार की रात छजलैट के गांव चंगेरी में तेंदुआ देखा गया। तेंदुआ गांव निवासी जयवीर सिंह के घर से पालतू कुत्ते को उठाकर ले गया। ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़वाने की मांग की है।
गांव चंगेरी के रहने वाले जयवीर सिंह का मकान गांव से बाहर बना है। रविवार की रात वह परिजनों के साथ घर में सो रहे थे। देर रात तेंदुआ घर में घुसा और उनके पालतू कुत्ते को उठाकर ले गया। कुत्ते की आवाज सुनकर परिजन जागे तो तेंदुआ कुत्ते को मुंह में दबाकर भाग गया।
सूचना पर सोमवार को वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। घर में घुसकर कुत्ते को उठाकर ले जाने की घटना के बाद से ग्रामीण दहशत में हैं। उन्होंने तेंदुए को पकड़वाने की मांग की है।
डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि चंगेरी में तेंदुआ द्वारा कुत्ते को उठाकर ले जाने की सूचना मिली थी। टीम ने पहुंचकर जांच करते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया है। क्षेत्र के लोगों से अपील है कि यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे तो वह इसकी सूचना तत्काल दें और खेतों पर अकेले न जाकर समूह के रूप में लाठी-डंडे लेकर की जाएं।
दूसरे दिन भी डियर पार्क में ही रहा सलेमपुर से पकड़ा गया तेंदुआ
कांठ। क्षेत्र के गांव सलेमपुर-फजलाबाद के जंगल में खेत पर लगाए गए पिंजरे में रविवार की सुबह फंसा मादा तेंदुआ सोमवार को भी पूरा दिन डियर पार्क में ही पिंजरे में रखा रहा। तेंदुए को कहां छोड़ना है, अभी इस पर वन विभाग के अधिकारी मंथन कर रहे हैं। वन अधिकारियों के अनुसार यह इस तेंदुए की आयु करीब नौ साल है और यह पूरी तरह से स्वस्थ्य है। संवाद
..फोटो सं. 09
इन गांवों में तेंदुए का आतंक
रामगंगा खादर क्षेत्र में गांव दरियापुर, महदूद कलमी, राजीपुर खद्दर, पाइंदापुर, रामसराय, सलेमपुर, फजलाबाद, बेगमपुर, कमालपुरी, मिश्रीपुर, खूंटखेड़ा, गोपालपुर, बहादरपुर खद्दर, मल्लीवाला, हसनगढ़ी, चकफेरी, कुम्हरिया जुबला, मुख्त्यारपुर नवादा, अहमदपुर निंगू नगला, खलीलपुर कद्दीम, लाडलाबाद, चेतरामपुर आदि सहित छजलैट के निघी, पोटा, शेरपुर एत्मादपुर, फूलपुर मिठ्ठनपुर, मुंडाखेड़ी, नक्संदाबाद, फत्तेहपुर विश्नोई, संदलीपुर, मानपुर आदि तमाम गांवों के ग्रामीणों में तेंदुओं को लेकर दहशत है। संवाद
खेत हो गए खाली तो दिखाई दे रहे हैं तेंदुए
कांठ। क्षेत्र में तेंदुओं के छिपने के लिए गन्ने के खेतों को सुरक्षित स्थान माना गया है। इस समय खेतों में गन्ना नहीं होने और गेहूं की लगातार की जा रही कटाई के कारण दूर-दूर तक खेत खाली हो गए हैं। जिस कारण्सा पिछले करीब दो महीने से तेंदुए लगातार दिखाई दे रहे हैं। कांठ तहसील क्षेत्र में रामगंगा, सुंदरी, करूला, गांगन और बान नदिया हैं। मानना है कि तेंदुए अधिक तक ऐसे ही तराई वाले स्थानों पर ही रहते हैं। संवाद