मुरादाबाद। कृषि कानूनोें के विरोध में राष्ट्रीय आह्वान पर सोमवार को वामपंथी दल संयुक्त रूप से कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करने के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपेंगे। वामपंथी दलों ने इस प्रदर्शन की सफलता को सभी तैयारी पूरी कर ली है। आम आदमी पार्टी ने भी किसानों आंदोलन के समर्थन में पंडित नगला स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ता सुबह 11 बजे से सायं पांच बजे तक धरना देंगे।
सीपीआई (एम) के जिला प्रवक्ता थान सिंह तथा भाकपा (माले) जिला प्रभारी रोहिताश राजपूत ने बताया कि वामपंथी दलों ने राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन का एलान किया है। जिसके क्रम में सोमवार को सभी वामपंथी दलों के कार्यकर्ता व पदाधिकारी कलक्ट्रेट में एकत्र होकर केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषक कानूनों को वापस लेने की मांग करेंगे। दोनों नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया यह कानून किसान, खेत मजदूर और कृषि प्रधान भारतीय संस्कृति का विरोधी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सीमा पर किसानों द्वारा इसके विरोध में किए जा रहे आंदोलन के समर्थन में वामपंथी दल शांतिपूर्ण प्रदर्शन के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी जिलाधिकारी को सौंपेंगे।
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष जाबिर हुसैन व महासचिव सुशील शुक्ला ने बताया कि केंद्र की सरकार किसानों की वाजिब मांग को अनसुना कर रही है। जिसके चलते अन्नदाता किसान सड़क पर आंदोलन करने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि किसानों की इस लड़ाई में आम आदमी पार्टी उनके साथ खड़ी है। किसानों के आंदोलन के समर्थन में उनकी पार्टी के कार्यकर्ता व पदाधिकारी सोमवार को पार्टी कार्यालय पर धरना देकर केंद्र सरकार द्वारा लाए गए इस कृषक कानूनों को वापस लेने की मांग करेगी।