बिलारी। ठाकुरद्वारा तहसील के दो अधिवक्ता भाइयों पर हमले की घटना के विरोध में बिलारी तहसील के वकीलों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होने की मांग को लेकर एसएसपी को ज्ञापन भेजा।
बुधवार सुबह तहसील परिसर में तहसील बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी की आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में ठाकुरद्वारा तहसील में दो अधिवक्ता भाइयों पर हमले की घटना की कड़ी निंदा की गई। पुलिस प्रशासन से मांग उठाई गई कि घटना के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। बार पदाधिकारियों ने प्रदेश में आए दिन वकीलों पर होने वाली घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए सरकार से अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट शीघ्र लागू किए जाने की मांग की गई।
तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एसडीएम विनय कुमार सिंह के माध्यम से एसएसपी को अपनी मांगाें का ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में ठाकुरद्वारा तहसील के पीड़ित वकीलों को पर्याप्त सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग प्रमुखता से की गई। ज्ञापन में बिलारी तहसील परिसर में वकीलों की सुरक्षा के लिए एक दरोगा और दो सिपाहियों की तैनाती की मांग भी दोहराई गई। एसडीएम ने बार पदाधिकारियों को अपने स्तर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। मौके पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी विनय कुमार सिंह, महासचिव सुनील कुमार सिंह, भगवान सरन माथुर, अनोद कुमार सिंह, जबर सिंह, कुंवरपाल सिंह, यशवंत सिंह सैनी, सुमित चौधरी, पप्पू सिंह, तहजीब आलम, उस्मान अली, ताहिर हुसैन, मोहम्मद जुनैद, आतिफ कमाल व शाने आलम आदि मुख्य रहे।