बिलारी। नगर के मोहल्ला अंसारियान में हुसैनी झंडा निवासी मजदूर भूरे हुसैन (45) का शव बुधवार शाम हरोरा गांव में पुलिया के निकट नाले में पड़ मिला। आशक हुसैन का बेटा भूरे हुसैन बिलारी नगर के मोहल्ला अंसारियान में एक कबाड़ा व्यापारी के गोदाम पर मजदूरी करता था। लगभग दस साल पहले भूरे हुसैन अपना पैतृक गांव शेरपुर माफी छोड़कर बिलारी आ गया और यहां पत्नी तथा बच्चों के साथ रहने लगा।
बुधवार शाम लगभग पांच बजे वह गोदाम से अपने घर जाने की बात कहकर गया था लेकिन घर नहीं पहुंचा। शाम लगभग साढ़े छह बजे पुलिस को शाहबाद रोड हरोरा मोड़ पर रॉयल पैलेस के सामने वाली पुलिया के पानी में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची तब तक राहगीरों ने शव को पुलिया से बाहर निकालकर सड़क किनारे रख दिया था। थोड़ी ही देर में शव की पहचान भूरे हुसैन के रूप में हो गई। भूरे हुसैन की मौत हो जाने की खबर मिलते ही उसकी पत्नी शबनम के साथ दोनों बेटी और एक बेटा भी मौके पर पहुंच गए और शव के पास बैठकर रोने लगे। बिलारी थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक भूरे हुसैन के शव पर चोट के कोई जाहिरा निशान नहीं थे। मौत होने की सही वजह जानने के लिए उसके शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। थाना प्रभारी के अनुसार जांच करने पर पता चला है कि मृतक भूरे हुसैन अक्सर शराब पीता था।राहगीरों ने बताया कि वह शराब के नशे में पुलिया पर बैठा हुआ था। अधिक नशा होने की वजह से पुलिया में भरे पानी में गिर गया और मौत हो गई।