कुंदरकी। दो बाइकों को टक्कर मारने के बाद पेड़ से बस टकरा गई। हादसे में बाइक सवार पेट्रोल पंप कर्मी कमल कुमार (30) की मौत हो गई जबकि उसका छोटा भाई विनय कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ है
बुधवार की सुबह पौने नौ बजे कुंदरकी बाईपास के जलालपुर मोड़ के पास बिलारी की दिशा से आ रहे रुहेलखंड डिपो की सवारियों से भरी एक रोडवेज बस दो बाइकों को रौंदते हुए पेड़ से टकरा गई। गनीमत रही कि बस सड़क किनारे खाई में पलटने से बाल-बाल बची है। भीषण हादसा होने पर कुछ ही देर में राहगीरों के साथ आसपास के लोगों की घटना स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई जिसके चलते मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर जाम के हालत बन गए। पुलिस ने पहले क्षतिग्रस्त दो बाइकों को कब्जे में ली और बाद में रोडवेज बस को खिंचवा कर थाने को ले गई। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी बस चालक भागने में सफल हो गया। इस भीषण हादसे में बिलारी क्षेत्र के ग्राम सिहाली नंदा निवासी बाइक सवार पेट्रोल पंप कर्मी कमल कुमार (30) की मौत हो गई जबकि उसका छोटा भाई विनय कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ है। वहीं बिलारी क्षेत्र के ही ग्राम नौशना स्योडारा निवासी दूसरी बाइक पर सवार राजमिस्त्री बाबूराम और देशपाल और रामपुर जिले के सैफनी निवासी उस्मान घायल हुए है जोकि क्षेत्र के ही ग्राम डींगरपुर में निर्माण कार्य करने को जा रहे थे। बस में सवार भी 15 यात्री घायल होना बताए गए हैं जोकि पुलिस के पहुंचने से पहले से बस से उतर चले गए। पुलिस ने गंभीर घायल विनय, बाबू राम और देशपाल को सरकारी एंबुलेंसों से पहले से सीएचसी पर भर्ती कराया लेकिन हालत गंभीर होने पर सभी तीन घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। थाना प्रभारी जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि शव को पीएम कराने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया और तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
तेज गति की वजह से हुआ भीषण हादसा
कुंदरकी। कुंदरकी बाईपास पर अक्सर पर भीषण हादसे वाहनों की तेज रफ्तार की वजह से हो रहे है जिन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रोडवेज बस बिलारी की दिशा से तेज गति से आ रहे थे तभी बाइक सवार जलालपुर रोड से बाईपास की ओर से आ रहे थे, जब बस करीब आई तो चालक तेज रफ्तार बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस की दो बाइकों को रौंदते हुए पेड़ से टकरा कर रुक गई। भीषण हादसा होने की वजह से हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे हटवा कर आधा घंटे के बाद यातायात सुचारू कराया।
पति की मौत पर बदहवाश हुई मां और पत्नी
कुंदरकी। सड़क हादसे में पेट्रोल पंपकर्मी कमल कुमार की मौत और उसके छोटा भाई विनय के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना पर परिजन गम से बेहाल हो उठे। कुछ परिवार वाले कुंदरकी सीएचसी में ही आ गए थे जोकि कमल कुमार का शव को देखकर बिलख पड़े। मृतक कमल कुमार की मां सुखरानी, पत्नी प्रियंका, एक बहन और तीन भाई गम से बेहाल हो गए। मृतक ने अपने पीछे तीन मासूम बच्चे जिसमें बेटी काव्या, प्रज्ञा और बेटा मुखिया छोड़े हैं जिनको सगे सम्बंधी और रिश्तेदार ढांढस बंधा रहे हैं।
फोटो संख्या एक से लेकर छह तक भेजे गए हैं।