कटघर थानाक्षेत्र के बल्देवपुरी मोहल्ले में मंगलवार शाम साढ़े छह बजे सीवर लाइन के मैनहोल में गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। मजदूर ने पाइप जोड़ने के लिए मैनहोल का ढक्कन खोला था। इसी दौरान मजदूर अंदर गिर गया और गैस की वजह से दम घुटने से उसकी मौत हो गई। मजदूर को बचाने आया एक स्थानीय व्यक्ति भी बेहोश हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बल्देवपुरी में सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। मंगलवार को मजदूर मैनहोल में पाइप जोड़ने का कार्य चल रहे थे। मूंढापांडे के साहूनगला निवासी रिजवान (20) ककरघटा निवासी आरिफ, नक्शे अली, आसिफ और आस मोहम्मद के साथ मजदूरी करने आया था। सभी मजदूर पाइप जोड़ रहे थे। अन्य मजदूरों ने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे रिजवान ने मैनहोल का ढक्कन खोल दिया।
साढ़े चार मीटर गहरे मैनहोल में बनी गैस ने रिजवान को अंदर की ओर खींच लिया। रिजवान मैनहोल में गिरा तो अन्य मजदूरों में हड़कंप मच गया। उन्होंने उसे बाहर खींचने का काफी प्रयास किया। लेकिन दूसरे मजदूरों पर भी गैस का असर होने लगा। इसी बीच बल्देवपुरी निवासी पिंकू भी आ गया। वह रिजवान को बाहर खींचने का प्रयास कर रहा था। जिस कारण वह भी बेहोश हो गया।
सूचना मिलने पर पिंटू के परिजन भी आ गए और वह उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे और भर्ती करा दिया। इसके बाद रिजवान को बाहर निकाला गया। तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। फिर भी साथी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रिजवान की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। पिता, मां और भाई रोते जिला अस्पताल पहुंचे। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव लेकर चले गए। कटघर इंस्पेक्टर संजय गर्ग ने बताया कि रिजवान के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं आई है।