बिलारी।अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की तहसील बिलारी इकाई द्वारा बुधवार सुबह नगर में जुलूस निकालकर हाईवे पर पहुंचकर सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन का पुतला फूंका। तहसील पहुंचकर एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन देकर राज्यसभा सांसद की सदस्यता निरस्त करने की मांग उठाई।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत नगर में शाहबाद रोड स्थित मंदिर पौड़ाखेड़ा परिसर में बड़ी संख्या में नगर और देहात इलाके से आए क्षत्रिय महासभा के कार्यकर्ता इकटठा हुए। यहां से सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल का पुतला हाथ में लेकर उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर में आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित महाराणा प्रताप चौक पर पहुंचकर नारेबाजी करते हुए सांसद राजजीलाल सुमन का पुतला फूंक दिया। पुतले को आग के हवाले करने से पहले पुतले पर जूतों से पिटाई भी की। पुतला फूंकने के दौरान भी जमकर नारेबाजी हुई।
पुतला फूंकने के बाद क्षत्रिय महासभा के सैकड़ों कार्यकर्ता जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। यहां देश के राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी विनय कुमार सिंह को दिया। ज्ञापन में कहा गया कि महाराणा संग्रम सिंह प्रथम, जिन्हें रांणा सांगा के नाम से जाना जाता है इन पर सपा के राज्यसभा के सांसद रामजीलाल सुमन ने अमर्यादित टिप्पणी की है। सपा सांसद को देश में किसी सार्वजनिक स्थान पर माफी मांगनी चाहिए तथा उनकी राज्यसभा से सदस्यता निरस्त होनी चाहिए।
ज्ञापन देने और प्रदर्शन करने वालों में पवन प्रताप सिंह,संजय राणा, पंकज चौहान, तेजभान सिंह राघव,अभिषेक राठौर, नरेंद्र सिह,धमेंद्र गांधी, रंजीत सिंह, मनोज कुमार,विकास गुप्ता एडवोकेट, अनिरूद्ध कुमार, अभिलाष गौड, सेंटी ठाकुर, प्रशांत चौधरी, सुमित कुमार, नवनीत कुमार, पवन कुमार, राजकुमार, अतरपाल सिंह,प्रियंद्रपाल सिंह आदि मुख्य थे।