मुरादाबाद। उचित दर विक्रेता (कोटेदार) अब उपभोक्ताओं को कम राशन तौल कर नहीं दे पाएंगे। अब कोटेदारों की ई-पॉश मशीन से ईडब्ल्यूएस (इलेक्ट्रानिक वेइंग स्केल) को जोड़ा जा रहा है। बुधवार को महानगर क्षेत्र के कोटेदारों को तहसील सभागार में इस मशीन के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया।
इस मौके पर एआरओ राहुल देव गुप्ता ने कहा कि मशीन चलाने का तरीका आसान है। शुरू में थोड़ी दिक्कत होगी क्योंकि एक उपभोक्ता का राशन तोलने के बाद ही दूसरे का अंगूठा लगेगा। इसमें थोड़ा समय ज्यादा लगेगा। जिन उपभोक्ताओं का अंगूठा नहीं लग सकेगा उनकी आंख से पात्रता की जांच हो जाएगी।
इस मौके पर प्रशिक्षण दे रहे लोगों ने बताया कि अभी तक कोटेदार सिर्फ ई-पॉश मशीन के माध्यम से उपभोक्ताओं को राशन दे रहे थे, लेकिन अब इस ई-पॉश मशीन से इलेक्ट्रानिक वेइंग स्केल को जोड़ दिया गया है। जब तक पूरे वजन का राशन नहीं होगा तब तक मशीन आगे नहीं बढ़ेगी। इसके जुड़ जाने के बाद कोटेदार किसी भी उपभोक्ता को कम राशन नहीं दे पाएंगे। इस मौके पर कोटेदार यूनियन के अध्यक्ष सीताराम, गजेंद्र लोधी, अरुण माथुर, दिलसाद, विपिन, रोहिताश राजपूत, जिला पूर्ति निरीक्षक शैलेंद्र कुमार, सदर एआरओ, रियाज अहमद समेत महानगर क्षेत्र के सभी कोटेदार मौजूद रहे।