क्षेत्र में रसूलपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास मोड़ पर हुए सड़क हादसे में गई चार लोगों की जान के बाद अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया है। बुधवार को पीडब्ल्यूडी की ओर से कांठ में मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग रसूलपुर गुर्जर रेलवे कॉसिंग से पहले मोड़ पर सड़क सुरक्षा के इंतजाम कराने शुरू कर दिए हैं। मोड़ के पास चार गति संकेतक और 15 रेडियम पाइप लगवाए गए हैं।
31 मार्च सुबह करीब पांच बजे कांठ में मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग स्थित रसूलपुर रेलवे क्रॉसिंग से पहले मोड़ पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े यूनिपोल से टकराकर खाई में गिर गई थी। हादसे में देहरादून के तिलकरोड थाना क्षेत्र के मोहल्ला 13 जी डाडीपुर निवासी यश रस्तोगी, संगीता रस्तोगी, आरती रस्तोगी और अंशिका रस्तोगी की मौत हो गई थी, जबकि कार चला रहे अतुल रस्तोगी व उनकी बुआ की बेटी मानवी रस्तोगी घायल हुई थी। यह हादसा तीव्र मोड़ पर गति संकेतक, अवरोध आदि न लगे होने के कारण हुआ था।
अमर उजाला ने इस मुद्दे को एक अप्रैल के अंक में (सड़क का मोड़ नहीं, सिस्टम अंधा) नामक शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। एसडीएम विनय कुमार सिंह ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर डीएम को रिपोर्ट भेजी थी। जिसके बाद हरकत में आए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बुधवार को मोड़ के पास सुरक्षा सुरक्षा के इंतजाम को लेकर काम शुरू कर दिया है। मोड़ पर रेडियम युक्त चार गति संकेतक और 15 रेडियम पाइप लगवाए गए हैं। बृहस्पतिवार को सफेद पट्टियां खींचवाने सहित कई अन्य इंतजाम कराए जाएंगे।