हसनपुर(अमरोहा)। पुलिस ने जिले के पांच थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए गैंग के सरगना को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर 3.27 लाख रुपये से अधिक की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है। गैंग के दो अन्य फरार सदस्यों की तलाश की जा रही है।
एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर संभल के गांव बेला निवासी रिजवान को कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार किया। वह वर्तमान में हैबतपुर रोड पर किराये के मकान में रह रहा था।
पूछताछ में रिजवान ने साथियों के साथ मिलकर शब्दलपुर शुमाली, मंगरौला, जीहल, बैगपुर मुंडा, पतेई खादर और धनौरी मील समेत कई गांवों में बंद मकानों और दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर हसनपुर, रहरा, नौगावां सादात, अमरोहा देहात और सैदनगली थाना क्षेत्रों की चोरी का माल बरामद किया गया।
बरामदगी में 3,27,470 रुपये नकद, चांदी की पांच जोड़ी पायल, सोने का एक कुंडल और अन्य सामान शामिल है। एसपी के अनुसार, रिजवान के खिलाफ अमरोहा, संभल और रामपुर के विभिन्न थानों में गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और चोरी समेत 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।