मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में भाभी की हत्या करने वाले युवक ने बेरहमी की हद पार कर दी थी। आरोपी देवर ने भाभी के शरीर पर चाकू से 15 वार कर उसे मौत के घाट उतारा था। इस वार से महिला का दाहिना फेफड़ा भी फट गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर के सभी घाव गहरे होने की पुष्टि हुई है।
कटघर थाना क्षेत्र के मोहल्ला मकबरा फेस वन निवासी एक व्यापारी की 36 वर्षीय पत्नी की उसके सगे देवर ने शनिवार को चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। वारदात के समय महिला अपने तीन बच्चों के साथ घर पर थी और मगरिब की नमाज की तैयारी कर रही थी। आरोपी ने महिला के शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही दबोचकर हिरासत में ले लिया था। मृतक महिला के पति ने तहरीर में कहा था कि उसका छोटा भाई अपनी भाभी पर बुरी नजर रखता था। इसके विरोध पर ही उसकी पत्नी की हत्या की गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की छाती, शरीर व पैर पर चाकू के 15 निशान पाए गए हैं। इससे साफ है कि हत्यारोपी ने बेरहमी से महिला का कत्ल किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला का दाहिना फेफड़ा भी फटा मिला है।
थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को आरोपी देवर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।