मुरादाबाद व पीतलनगरी बस अड्डे से चलेंगी रोडवेज बसें
कांवड़ यात्रा सामान्य होने पर सोमवार सुबह 11 बजे से दिल्ली, अमरोहा, मेरठ आदि जगहों के लिए रोडवेज बसों का संचालन मुरादाबाद बस अड्डे से किया जाएगा। वहीं चंदौसी, संभल, रामपुर, बरेली, हल्द्वानी, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, लखनऊ जाने वाली बसों का संचालन पीतलनगरी बस अड्डे से होगा।
पीतलनगरी एआरएम प्रेम सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रियों की भीड़ के चलते बसों का संचालन आरटीओ ऑफिस व प्रेम वंडर लैंड पुल के पास बने अस्थायी बस अड्डों से किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा सामान्य होने पर बसों का संचालन पुराने मार्गों पर किया जाएगा।
इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन से अनुमति मिलते ही सोमवार को 11 बजे से रोडवेज बसों का संचालन मुरादाबाद और पीतलनगरी बस अड्डे से शुरू कर दिया जाएगा।
सिटी ई-बसें भी चलेंगी
कांवड़ यात्रा के चलते शहर और हाईवे पर भारी वाहनों का आवागमन बंद किया गया था। इसके कारण शहर में ई-बसों का संचालन बंद हो गया था। शहर में चलने वाली 25 ई-बसें चार से नहीं चल रही थीं। ई-बस सेवा प्रबंधक बाबर खान ने बताया कि सोमवार से ई-बसों का संचालन भी निर्धारित समय और रूटों पर होगा।