शरारती तत्वों ने शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की। शनिवार देर शाम बिजनौर रोड पर शरारती तत्वों ने कांवड़ियों पर पत्थर फेंक दिए। जिसे लेकर कांवड़िए भड़क गए। गुस्साए कांवड़ियों ने एकेके इंटर कॉलेज के सामने बिजनौर रोड जाम कर दिया।
इसके बाद हंगामा और नारेबाजी शुरू हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मौके पर पहुंचकर बिगड़ते हालात को संभाला। पुलिस ने आक्रोशित कांवड़ियों को समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद पुलिस की सुरक्षा में कांविड़यों को गंतव्य की और भेजा गया।
हरिद्वार से कांवड़ लेकर निकले संभल, बहजोई और असमोली के कांवड़ियों का जत्था शनिवार शाम करीब सात बजे बिजनौर रोड होते हुए शहर से गुजर रहा था। कांवड़ियों का ये जत्था बम भोले के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहा था। आरोप के मुताबिक जैसे कांविड़ए शाहविलायत दरगाह से थोड़ा आगे की ओर एकेके इंटर कालेज से पहले पहुंचे तभी कुछ शरारती युवकों ने गलियों से पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। जो कई कांवड़ियों को जा लगे।
इससे कांवड़ियों में अफरातफरी मच गई। इसके बाद कांवड़ियों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। जमकर हंगामा किया। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित कांवड़ियों ने रोड जाम कर दिया। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सतीश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
उधर आरोपी युवक कांविड़यों पत्थर पेंक कर फरार हो चुके थे। पुलिस ने कांवड़ियों को समझा-बुझाकर शांत किया। करीब पौन घंटे तक बिजनौर रोड पर हंगामा चलता रहा। इसके बाद पुलिस ने कांवड़ियों को अपनी सुरक्षा में टीपी नगर चौराहे तक छोड़ा और गंतव्य की ओर रवाना किया।