कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर दो मंजिला मकान से गिरकर एक कबाड़ी की मौत हो गई। हादसे के समय कबाड़ी छत से कबाड़ा उतारने के लिए गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नीचे आकर गिरा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कबाड़ी को लेकर जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जहां उससे मृत घोषित कर दिया गया।
कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार के मुताबिक मृतक की पहचान 45 वर्षीय इकरार के रूप में हुई है। वह गलशहीद थाना क्षेत्र के बकरी का आता निवासी है। बताया जा रहा है कि इकरार कबाड़ खरीदने और बेचने का कार्य करता था। बुधवार दोपहर इकरार कोतवाली क्षेत्र के मंडी चौक में कबाड़ खरीदने के लिए गया था। इसी दौरान उसका सौदा मंडी चौक निवासी व्यक्ति से हुआ।
उस व्यक्ति का सामान दूसरी मंजिल की छत पर पड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि इकरार दो मंजिला मकान की छत से कबाड़ का सामान उतार रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नीचे आकर गिर गया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। इकरार के परिवार में पत्नी एक बेटी और चार बेटे हैं।