अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए इंडिया टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम में मुरादाबाद के फिरकी गेंदबाज शिवा सिंह और विकेट कीपर बल्लेबाज आर्यन जुयाल को भी जगह मिली। दोनों युवा क्रिकेटर जूनियर वर्ल्ड कप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। शिवा दो बार जूनियर एशिया कप खेल चुके हैं।
जबकि आर्यन छह साल से लगातार बोर्ड के मैच में शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों खिलाड़ी जनवरी में न्यूजीलैंड में होने वाले जूनियर वर्ल्ड में हिस्सा लेेंगे।रविवार को बीसीसीआई ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की घोषणा कर दी। न्यूजीलैंड में होने वाले इस वर्ल्ड कप के लिए पंद्रह खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
इस टीम में मुरादाबाद के दो प्रतिभावान खिलाड़ियों को चुना गया है। अपनी फिरकी गेंदबाजी पर बल्लेबाजों को नचाने वाले लेग ब्रेकर शिवा सिंह और विकेट कीपर बल्लेबाज आर्यन जुयाल को जूनियर वर्ल्ड कप खेलने का मौका मिला है। अपनी शानदार प्रदर्शन की बदौलत दोनों खिलाड़ियों ने टीम इंडिया में जगह बनाई है।
शिवा सिंह दो बार एशिया कप में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वहीं आर्यन जुयाल पिछले छह साल से अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 के बोर्ड के मैच खेल रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों के परिवारों में जश्न का माहौल है।