संभल। रायसत्ती थाने में हेयर ड्रेसर जावेद हबीब, उसके बेटे अनोस हबीब के खिलाफ तीन और मुकदमे दर्ज किए गए हैं। यह मुकदमे सरायतरीन निवासी युशरा, गांव जोगीपुर निवासी मुस्कुरान और असमोली के गांव अकबरपुर गहरा निवासी शाने आलम की तहरीर पर दर्ज किए गए हैं। अभी तक जावेद हबीब, उसके बेटे अनोस हबीब और संभल के नई सराय निवासी सैफुल के खिलाफ 28 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि कॉइन में निवेश कर ठगी का शिकार हुए पीड़ित जो भी थाने पहुंच रहे हैं। सभी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। संभल और उसके आसपास के गांवों के लोगों के साथ ठगी की गई है। पीड़ितों का कहना है कि मुनाफे का लालच देकर उनसे निवेश कराया गया और मूल रकम भी वापस नहीं मिली। ठगी का शिकार होने का अहसास हुआ तो पुलिस के पास मामला पहुंचा है। एसपी ने बताया कि ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।