मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रामगंगा विहार स्थित एमआईटी इंजीनियरिंग कॉलेज में क्वारंटीन किए गए लोगों में से पांच जमातियों ने रविवार देर शाम बालकनी का ताला तोड़कर भागने की कोशिश की। आसपास के लोगों और एमआईटी में तैनात मेडिकल स्टाफ की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पांचों को पकड़ कर फिर से क्वारंटीन कर दिया।
इन सभी के खिलाफ जानबूझकर कोरोना संक्रमण फैलाने के उद्देश्य से भागने का प्रयास करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। सिविल लाइंस पुलिस के अनुसार रविवार शाम करीब 7:30 बजे क्वारंटीन सेंटर एमआईटी गर्ल्स हॉस्टल पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों और आसपास के लोगों द्वारा सूचना दी गई कि क्वारंटीन किए गए कुछ लोग हॉस्टल की बालकनी का ताला तोड़कर जानबूझकर कोरोना संक्रमण फैलाने के उद्देश्य से भागने का प्रयास कर रहे हैं।
इससे आसपास के इलाके में भी संक्रमण का खतरा पैदा हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो पांच लोग बालकनी का ताला तोड़ रहे थे। पुलिस ने भागने का प्रयास कर रहे पांचों लोगों को पकड़ा और फिर से गर्ल्स हॉस्टल में क्वारंटीन कर दिया।
ये पांचों शहर के मोहल्ला सुंदर घाट कानून गोयान, मुगलपुरा, प्रिंस रोड गुइयां बाग मुगलपुरा, बरबलान और कोतवाली के सामने वाली गली के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक इनके खिलाफ सिविल लाइंस थाने में महामारी अधिनियम समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस घटना से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। क्षेत्र के लोग पहले से ही एमआईटी में क्वारंटीन सेंटर बनाए जाने का विरोध कर रहे थे। रविवार की घटना से लोगों में गुस्सा और भी बढ़ गया है। स्थानीय लोग एमआईटी से क्वारंटीन सेंटर को तुरंत किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक सभी कस्टडी में हैं। इनकी जांच पॉजिटिव आई तो इन्हें आइसोलेट किया जाएगा।