फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लाल-सफेद चंदन से काली कमाई की जांच आईटी और ईडी की टीमें करेंगी

Fri, 09 Oct 2020 02:45 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अमरोहा

सार

  • तस्करी के आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी
  • दोनों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली रवाना हुई अमरोहा की पुलिस टीम
विज्ञापन
demo pic...
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लाल और सफेद चंदन की तस्करी के फरार मुख्य आरोपी अमरोहा निवासी कमर अहमद अंसारी और उसके बेटे शाकिर उर्फ बंटी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ है। एसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि इनकी गिरफ्तारी होते ही जरूरी पूछताछ के बाद आयकर और ईडी की टीमों से मामले की जांच कराने के लिए लिखा-पढ़त की जाएगी।

विज्ञापन


एसपी ने बताया कि अब तक की जांच में स्पष्ट हो चुका है कि कमर अहमद अंसारी गिरोह बनाकर कई सालों से चंदन की तस्करी का धंधा कर रहा है। इस धंधे से अरबों की संपत्ति जोड़ी गई है। जांच में पिता-पुत्र की दिल्ली के विश्वास नगर और खारी बावली में तीन आलीशान कोठियां और कई लग्जरी कारें होने की जानकारी मिली है। अमरोहा में मोहल्ला नौगजा नई बस्ती और हाशमी नगर में भी पांच-पांच मंजिला इमारतें हैं। 

किसी को उस पर शक न हो, इसके लिए उसने दिल्ली के विश्वास नगर में एक मेडिकल स्टोर खोल रखा है। उस पर कमर अहमद कभी-कभी बैठता है। दिल्ली विश्वास नगर से ही चंदन की तस्करी का धंधा संचालित करता है। अभी तक हत्थे न चढ़ने के कारण ही कोर्ट से कमर अहमद और उसके बेटे शाकिर के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ है। गिरफ्तारी की कोशिश में स्थानीय पुलिस की टीम फिर दिल्ली भेजी गई है।
विज्ञापन


एसपी ने कहा कि गिरफ्तारी के बाद पिता-पुत्र की अकूत संपत्ति का पूरा ब्योरा जुटाने के लिए आयकर और ईडी टीमों से जांच कराने के लिए लिखापढ़त करेंगे। इसके अलावा पिता-पुत्र के सभी तरह के लाइसेंस, पासपोर्ट आदि निरस्त कराए जाएंगे। एसपी ने बताया पुलिस को मिले कुछ संकेतों के आधार पर आंध्र प्रदेश सहित दक्षिण के कुछ अन्य हिस्सों से भी पिता-पुत्र के आपराधिक इतिहास का ब्योरा मंगाया जा रहा है।  

बता दें कि नौ अगस्त की रात दिल्ली क्राइम ब्रांच और अमरोहा नगर पुलिस ने छापेमारी कर अमरोहा के मोहल्ला हाशमी नगर में स्थित अनवारी हवेली के गोदाम से 133 क्विंटल लाल और सफेद चंदन की लकड़ी और बड़ी मात्रा में बुरादा बरामद किया था। इस गोदाम में रेडीमेड कपड़े और परचून का सामान रखकर इसकी आड़ में चंदन की तस्करी का धंधा चलाया जा रहा था। उस समय मौके से तस्करी के तीन आरोपी अरशद अली अंसारी, महमूद आलम अंसारी और मोहम्मद सलमान को गिरफ्तार किया था। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था। इन तीन के साथ-साथ कमर अहमद अंसारी और उसके बेटे शाकिर उर्फ बंटी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया था। कमर अहमद को ही मुख्य आरोपी बनाया गया है।

अमरोहा में फिर की छापेमारी 
फरार चल रहे कमर अहमद अंसारी और उसके बेटे शाकिर उर्फ बंटी के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद गुरुवार को पुलिस ने इनके स्थानीय ठिकानों और कुछ संदिग्ध स्थानों पर फिर छापेमारी की। रात तक पुलिस को गिरफ्तारी में कामयाबी नहीं मिली। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि फरार पिता-पुत्र के कुछ अन्य स्थानीय लोगों के साथ तो धंधेबाजी के संबंध नहीं हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें