ठाकुरद्वारा। ग्राम पंचायत बालापुर में रविवार को रात्रि चौपाल लगाई गई। चौपाल में नोडल अधिकारी नहीं पहुंचे। विद्युत और पुलिस विभाग का भी कोई अधिकारी या कर्मचारी नहीं आया। स्थानीय अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
एडीओ पंचायत योगेंद्र सिंह ने बताया कि कार्य की व्यस्तता के चलते डीपीआरओ नहीं आ सकें। चौपाल में ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत खोदी गई सड़कों की अभी तक मरम्मत न होने, गांव में चामुंडा मंदिर पर जाने वाले मार्ग व तालाब पर अवैध कब्जे का मुद्दा उठाया। पीडब्लूडी से गांव में जल भराव को रोकने के लिए नाला निर्माण की मांग की गई। नए राशन कार्ड बनवाने की मांग और किसान सम्मान निधि न मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को उनकी मांगों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजने का आश्वासन दिया।
एडीओ पंचायत योगेंद्र सिंह ने बताया कि चौपाल में विद्युत और पुलिस विभाग का भी कोई अधिकारी या कर्मचारी नहीं आया। चौपाल में बीडीओ उमाकांत मुदगल, ग्राम प्रधान यशोदा देवी, गजेंद्र पाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख पति डॉ वीर सिंह सैनी, भाजपा के मंडल अध्यक्ष हरिओम सिंह, भाजपा के पूर्व जिला महासचिव भानु प्रताप सिंह,सीडीपीओ निशा, एडीओ सहकारिता रामाशीष प्रजापति व एडीओ आईएसबी नेम सिंह आदि मौजूद रहे।