ठाकुरद्वारा। नगर में चीनी महंगी बिकने और अवैध खनन के मुद्दे शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित समधान दिवस में उठे। मुरादाबाद से आए एडीएम न्यायिक जितेंद्र पाल ने चीनी महंगी बेचने की शिकायत की जांच सीनियर मार्केटिंग इंस्पेक्टर (एसएमआई) को सौंपी है। खनन में खेल की शिकायत पर एसएसपी के माध्यम से पुलिस कार्रवाई कराने का भरोसा दिया है।
चीनी का ज्यादा मूल्य वसूले जाने की शिकायत भाजपा नेता उमेश गुप्ता की ओर से थी। गांव गझेड़ा आलम के ग्रामीणों ने ढेला नदी से अवैध खनन की शिकायत की। फरियादियों की शिकायतों की सुनवाई के दौरान एसडीएम अंजनी कुमार मिश्रा, तहसीलदार अतुल कुमार और नायब तहसीलदार विजय कुमार श्रीवास्तव तथा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान कुल 62 शिकायतें आईं, जिनमें से पांच का मौके पर निस्तारण हो गया। शेष के समयबद्ध निस्तारण के लिए कहा गया है। सबसे अधिक शिकायतें बिजली निगम और राजस्व विभाग से जुड़ी हैं।