बिलारी। क्षेत्र के सहसपुर गांव में कश्यप समाज के एक मोहल्ले में प्राचीन कुएं के बंद होने और उस पर पड़ोसियों द्वारा अतिक्रमण करने की शिकायत एसडीएम से की गई है। एसडीएम ने इस मामले में तहसीलदार को जांच के आदेश दिए हैं। शिकायतकर्ता और आरोपी एक ही मोहल्ले और एक ही समाज से जुड़े हुए हैं। उधर कुएं के पड़ोसी का कहना है कि मोहल्ले के लोगों के द्वारा ही काफी पहले कुआं ऊपर से ढक दिया गया है।
सहसपुर में राजमहल के गेट के निकट अधिकतर कश्यप समाज की आबादी है। इसी आबादी में जगजीतशरन के मकान के पास एक प्राचीन कुआं है। मोहल्ले के लोगों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि पड़ोसियों द्वारा कुएं के रकबे पर अवैध कब्जा किया जा रहा है और कुएं की भूमि में मकान का गेट लगाया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इसी कुएं पर प्रतिवर्ष गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की पूजा की जाती है तथा शादी के बाद नवविवाहित जोड़े भी इसी कुएं पर आकर पूजा अर्चना करते हैं। शिकायती पत्र पर नीरज, राजेश, अमित, सुशील, संतोष, प्रदीप, दिलीप, विनोद, शिशुपाल आदि ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
एसडीएम विनय कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर मामले की जांच तहसीलदार को सौंपी गई है। तहसीलदार ने राजस्व निरीक्षक को मौके पर जाकर जांच करने का निर्देश दिया था। इस संबंध में कुएं के पड़ोसी जगदीश सरन ने ग्रामीणों की शिकायत को रंजिशन बताया है। उनका कहना है कि कई वर्ष पहले इस कुएं में रात में लोग मरे हुए जानवर डालकर चले जाते थे तब मोहल्ले वालों ने ही ऊपर से ढक्कन लगाकर बंद किया था। कुएं पर पूजन आदि कार्य करने में कोई अवरोध नहीं है।
-