ठाकुरद्वारा। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष मोहम्मद इरफान सैफी पर रंगदारी मांगने के आरोपों की जांच एक सप्ताह बाद भी पूरी नहीं हुई है। इस मामले में अभी तक अध्यक्ष से पूछताछ भी नहीं की गई है।
व्यापारी अवनीश सिंघल ने तीन मई को 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। यह आरोप भवन का नक्शा स्वीकृत करने और भूमि पर खोखा रखने के प्रयास से जुड़ा है। अधिवक्ता मुमताज आलम सैफी ने 5 मई को 5 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया, उनका नक्शा तीन साल से लंबित है। अध्यक्ष मोहम्मद इरफान सैफी ने आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि पालिका की भूमि पर गलत नक्शा स्वीकृत करने से मना करने पर राजनीतिक दबाव में झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सैफी ने यह भी बताया कि पुलिस ने अभी उनके बयान दर्ज नहीं किए हैं। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार के अनुसार, दोनों मामलों की विवेचना जारी है और निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सका है।