मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में छात्रा से छेड़खानी के आरोपी को लोगों ने दबोच लिया। खंभे से बांधकर उसकी पिटाई की और पुलिस बुला ली। पुलिस ने आरोपी को भीड़ से बचाया और थाने ले गई। पुलिस ने आरोपी अफ्फान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है। आरोपी को खंभे से बांधे जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कटघर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में पीड़ित छात्रा ने बताया कि वह मुगलपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। कटघर थाना क्षेत्र स्थित एक डिग्री कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा है। पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया कि लंबे समय से मुगलपुरा थाना क्षेत्र के लालबाग निवासी अफ्फान हसन उसे परेशान कर रहा है। पीड़िता ने इसकी शिकायत अपने परिवार से की थी। इसके बाद पीड़िता के परिवार ने आरोपी के परिजनों से इस बारे में बताया तो आरोपी ने माफी मांग ली थी। लेकिन कुछ दिन शांत रहने के बाद आरोपी फिर से पीड़िता को परेशान करने लगा था। पीड़िता सोमवार कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान आरोपी अफ्फान पहुंचा और उसके साथ छेड़खानी की। पीड़िता ने शोर मचाया तो आसपास के लोग आ गए और आरोपी पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को बिजली के खंभे से बांध दिया और पिटाई की। इसकी जानकारी मिलने पर पीड़िता के परिजन भी आ गए। उन्होंने सूचना देकर पुलिस बुला ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और थाने ले गई। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी अफ्फान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।