बिलारी। स्थानीय लक्ष्मी जी चीनी मिल ने कुछ लोगों पर अपने आरक्षित क्षेत्र से गन्ने की अवैध खरीद करने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों से शिकायत की है। एसडीएम ने इस संबंध में पुलिस और गन्ना विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की तथा जांच के बाद अवैध गन्ना कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
बिलारी के लक्ष्मी जी चीनी मिल के महाप्रबंधक गन्ना की ओर से डीएम, एसएसपी, डीएसओ, एसडीएम और सीओ आदि अधिकारियों को भेजे शिकायती पत्र में कहा गया है कि प्रदेश के गन्ना आयुक्त की ओर से बिलारी चीनी मिल को वर्तमान सत्र के लिए जो गन्ना आपूर्ति क्षेत्र आवंटित किया गया है उसी क्षेत्र में कुछ माफियाओं द्वारा अवैध खरीद कर दूसरे चीनी मिल क्षेत्र को गन्ना आपूर्ति किया जा रहा है।
शिकायती पत्र के साथ ऐसे 43 लोगों की सूची भी दी गई जिन पर बिलारी चीनी मिल के आरक्षित क्षेत्र से गन्ने की अवैध खरीद कर नियम विरुद्ध तरीके से दूसरे चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति करने का आरोप लगाया गया है। उधर लक्ष्मी जी चीनी मिल बिलारी के उपाध्यक्ष सुभाष खोखर ने बताया कि बीती सात सितंबर तक खरीदे गए गन्ना मूल्य के अवशेष नौ करोड़ 82 लाख रुपये का भुगतान भी चीनी मिल द्वारा कर दिया गया है।
एसडीएम विनय कुमार सिंह ने सोमवार दोपहर बाद इस समस्या के समाधान को लेकर बैठक बुलाई। बैठक में सीओ बिलारी, तहसीलदार बिलारी थाना प्रभारी बिलारी और सचिव गन्ना समिति बिलारी भी पहुंचे। एसडीएम ने चीनी मिल की ओर से भेजे गए पत्र पर चर्चा की।