पाकबड़ा(मुरादाबाद)। मुठभेड़ में पुलिस ने पेंटर योगेश हत्याकांड के आरोपी मनोज और उसके रिश्तेदार मंजीत को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। पूछताछ से पता कि मनोज की प्रेमिका स्वाति ने अपने ही परिवार वालों को हत्या के केस में फंसाने के लिए यह साजिश रची थी। इस साजिश की भेंट बेगुनाह योगेश चढ़ गया। इंटर तक पढ़ी स्वाति ने क्राइम पेट्रोल सीरियल देखकर हत्या की यह पटकथा तैयार की थी लेकिन प्रेमी की गिरफ्तारी के बाद अपने बिछाए हुए जाल में खुद फंस गई।थाना क्षेत्र के गुरेठा गांव निवासी पेंटर योगेश का शव बृहस्पतिवार की सुबह गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर मौढ़ा तैय्या स्थित कब्रिस्तान के पास मिला था। योगेश के भाई उमेश ने गांव के ही शोभाराम और उसके बेटे गौरव व कपिल पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पाकबड़ा पुलिस ने गहनता से जांच शुरू की तो योगेश के मोबाइल से मिले कॉल डिटेल और घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियां किसी अन्य दिशा की तरफ इशारा कर रही थीं। सीसीटीवी फुटेज से कुछ अहम जानकारियां मिलीं। जांच में मनोज और मंजीत का नाम सामने आया।
रविवार देरशाम पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी नया मुरादाबाद में छिपे हैं। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर मनोज और मंजीत ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मनोज के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हत्याकांड की मास्टरमाइंड स्वाति को भी गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी योगेश कुमार के मुताबिक स्वाति ने ही योगेश हत्या कराकर अपने पूरे परिवार को फंसाना चाहती थी। वह अपने परिवार को जेल भेजकर मनोज से शादी करना थी। पेंटर योगेश से उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी। वह उनकी क्रूरतम योजना का एक दुर्भाग्यपूर्ण शिकार हो गया।
00
पाकबड़ा थानाक्षेत्र के गुरेठा गांव निवासी पेंटर योगेश कुमार की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस जघन्य अपराध के पीछे एक चौंकाने वाला सच सामने आया है—यह हत्या प्रेम और धोखे की एक ऐसी खौफनाक साजिश थी, जिसे एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। इस साजिश का मकसद अपने परिवार वालों को जेल भेजकर अपनी मर्जी से शादी करना था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मनोज, उसका साथी मंजीत और साजिशकर्ता युवती स्वाति को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान मनोज पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया है।
00
पिता और भाई शादी में आ रहे थे आड़े
- गुरेठा निवासी स्वाति की गांव कें सैलून चलाने वाले मनोज से नजदीकियां थी। दोनों शादी करना चाहते थे। लेकिन उसके पिता और दोनों भाई शादी में बाधक बन रहे थे। इसके बाद स्वाति ने मनोज के साथ मिलकर परिवार वालों को रास्ते से हटाने योजना बनाई। उसने क्राइम पेट्रोल देखकर साजिश रची। इसके तहत गांव के किसी व्यक्ति की हत्या कर पिता और भाइयों को उसी केस में फंसाने की योजना बनाई गई।
00
निर्दोष योगेश बना साजिश का शिकार
- पुलिस के मुताबिक योजना को अंजाम देने के लिए मनोज ने अपने दोस्त एवं रिश्तेदार मंजीत को मोहरा बनाया। मनोज और मंजीत बुधवार की देर शाम को गांव से बाहर मौढ़ा तेहिया में गागन नदी के घाट पर पहुंचे। वहां दोनों किसी राहगीर का इंतजार करने लगे। उनका इरादा किसी भी ऐसे व्यक्ति की हत्या करना था जो गुरेठा गांव का निवासी है, ताकि आसानी से उसका इल्जाम स्वाति के परिवार पर मढ़ सकें।
दुर्भाग्यवश, उसी समय गुरेठा का रहने वाला पेंटर योगेश कुमार उधर से गुजर रहा था। योगेश की किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। मनोज और मंजीत ने योगेश को रोक लिया और ईंटों से कूच कूंचकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। योगेश की हत्या के बाद मनोज ने योगेश के ही मोबाइल से पुलिस को फोन किया और कहा कि गांव के रहने वाले स्वाति के भाई गौरव, कपिल और शोभाराम उसे पीट-पीटकर मार रहे हैं। यह सब स्वाति के परिवार को फंसाने की साजिश का ही हिस्सा था। पुलिस ने इस मामले में स्वाति के पिता और भाई के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
00
- तीनों आरोपी कम पढ़े लिखे हैं। प्रेमिका ने शादी के लिए हत्या में परिवार को फंसाने की साजिश रची थी। सोमवार को पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
- सतपाल अंतिल एसएसपी मुरादाबाद