चैती मेले से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से घायल महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि इस हादसे में घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। महिला जिला बिजनौर के थाना स्योहारा के एक गांव की रहने वाली थी।
रविवार को काशीपुर चैती मेले से लौटते वक्त ठाकुरद्वारा-स्योहारा मार्ग पर मदारपुर मोड़ के नजदीक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई थी। इसमें करीब बीस श्रद्धालु और बाइक सवार मां-बेटा घायल हो गए थे। घायलों का काशीपुर और मुरादाबाद के निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। सोमवार को जनपद बिजनौर के थाना स्योहारा के ग्राम कादराबाद निवासी अमरजीत सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि हादसे में उसके जीजा गुलशन सिंह, बहन सोनी, बच्चे अंश और वंश घायल हो गए थे। उनका मुरादाबाद के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। जहां पर सोनी (35) की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।