मुरादाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में हुई हेराफेरी के मामले में उच्च स्तरीय के साथ साथ जिलाधिकारी की ओर से भेजी गई रिपोर्ट पर भी कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। वहीं, दूसरी ओर समाज कल्याण विभाग अभी तक अपात्रों को दिए गए लाखों के उपहार भी वापस नहीं ले सका है। वापसी के लिए सभी 37 जोड़ों को नोटिस दिया गया था लेकिन समय बीतने के बाद अब दूसरा नोटिस जारी करने की तैयारी है।
चार व पांच दिसंबर को समाज कल्याण विभाग के संयोजन में दो सामूहिक समारोहों में कराए गए विवाह में दान, दहेज और बरातियों के खानपान के साथ साथ उपहारों में भी भारी हेराफेरी सामने आई थी। इस हेराफेरी का मुद्दा उठा तो जिलाधिकारी के आदेश पर कराई गई जांच में 37 जोड़े ऐसे मिले थे, जो अपात्र थे, जिनकी शादी पहले हो चुकी थी, उन्हें उपहार व धनराशि के लालच में दोबारा विवाह बेदी पर बैठा दिया गया था। इस मामले में प्रथमदृष्टया दोषी मानते हुए ग्राम पंचायत और ग्राम विकास विभाग के नौ कर्मचारियों पर तो निलंबन की कार्रवाई कर दी गई लेकिन समाज कल्याण विभाग के किसी भी कर्मचारी पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि समाज कल्याण विभाग के एडीओ के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति तो जिलाधिकारी ने भी की है, जिसकी रिपोर्ट शासन को भेजी है।
सबसे खास बात यह है कि जिन 37 जोड़ों को समारोह में उपहार वितरित किए गए, उन्हें उसी समय जांच के बाद उपहार वापस करने के लिए पहला नोटिस जारी कर दिया गया था। समाज कल्याण अधिकारियों को अभी इसकी जानकारी नहीं है कि कितने लोगों वे उपहार वापस किए हैं। दो लोगों ने सिर्फ धनराशि लौटाई है। मूढ़ापांडे के नए एडीओ (समाज कल्याण) अनुज कसाना ने बताया कि सभी 37 जोड़ों को उपहार वापसी के लिए नोटिस दिए गए थे, कुछ न वापस कर दिए हैं, शेष को दूसरा नोटिस जारी किया जाएगा। कितनी धनराशि वापस की गई है, इसकी जानकारी तो मुख्यालय को ही होगी।