Indian Idol 12 Winner: इंडियन आइडल 12 के विजेता पवनदीप राजन के सड़क हादसे में घायल होने की खबर ने उनके फैंस और फॉलोअर्स को हैरान कर दिया है। पवनदीप की दोस्त अरुणिता ने अपने फेसबुक पेज पर हादसे की खबर शेयर की तो उनके फैंस और फॉलोअर्स ठीक होने की दुआ करने लगे।
सभी ने हादसे को लेकर दुख जताया। घायल पवनदीप राजन का नोएडा के फोर्टिस हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। उनके एक हाथ और पैर में फ्रैक्चर है। डॉक्टर के मुताबिक उनकी कई सर्जरी होनी है। उनके फ्रेंड्स और फॉलोअर्स के लिए अच्छी खबर यह है कि पवनदीप होश में है और उनकी हालत में पहले से सुधार है।
पवनदीप राजन मूलरूप से उत्तराखंड में चंपावत जिले के सिलेन टाक के रहने वाले हैं। रविवार की रात पवनदीप अपने साथी अजय मेहरा के साथ घर से दिल्ली जा रहे थे। उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हैदराबाद पहुंचना था। इस दौरान उनकी कार को चालक राहुल सिंह चला रहा था।
रात करीब ढाई बजे जैसे ही उनकी कार गजरौला थानाक्षेत्र में चौपला चौराहा ओवरब्रिज से नीचे उतरी तभी, हाईवे किनारे सीओ (ऑफिस के सामने) खड़े कैंटर में घुस गई। यह हादसा चालक राहुल सिंह को झपकी आने के कारण हुआ।
हादसे में सिंगर पवनदीप उनके साथी अजय मेहरा और चालक राहुल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। गजरौला पुलिस ने तीनों को डिडौली में हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया था।
पुलिस से जानकारी मिलने के बाद मौके पर अस्पताल पहुंचे सिंगर पवनदीप के पिता सुरेश राजन, माता सरोज राजन व अन्य परिजन तीनों को बेहतर इलाज के लिए अपने साथ नोएडा के फोर्टिस हॉस्पिटल ले गए। डॉक्टरों के मुताबिक पवनदीप बांया पैर और दाहिना हाथ फ्रैक्चर है।
Pawandeep: 'भैया, प्लीज मेरे घर फोन कर दो...उन्हें नहीं पता मैं घायल हूं', दिल को चीर देंगी पवनदीप की ये बातें
उन्हें आईसीयू में रखा गया है। ड्राइवर राहुल की हालत थोड़ी गंभीर बनी हुई है। हादसे के समय सिंगर पवनदीप ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठे थे। कार का अगला हिस्सा कैंटर में भिड़ते ही गाड़ी के दोनों एयरबैग खुल गए थे। जबकि पीछे की सीट पर उनके साथी अजय मेहरा बैठे थे।
दोस्त अरुणिता ने अपने फेसबुक अकाउंट से शेयर की पवनदीप के साथ हुए हादसे की जानकारी
नमस्कार दोस्तों, जैसा कि आप सभी जानते हैं कि पवनदीप राजन के साथ पांच मई की सुबह उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के पास एक दुखद सड़क हादसा हो गया, जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त वह एक कार्यक्रम के लिए अहमदाबाद जाने के लिए दिल्ली से फ्लाइट पकड़ने जा रहे थे।
शुरुआत में उनका ऑपरेशन पास के ही एक अस्पताल में किया गया, लेकिन बाद में उन्हें दिल्ली एनसीआर के एक बेहतर अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। उन्हें कई बड़े फ्रैक्चर और कुछ मामूली चोटें आई हैं। सोमवार का दिन परिवार और उनके सभी शुभचिंतकों के लिए बहुत कठिन और कष्टकारी था।
पूरे दिन वह भयंकर दर्द और बेहोशी से जूझते रहे। हालांकि, संपूर्ण जांच के बाद उन्हें लगभग सात बजे ऑपरेशन थियेटर में ले जाया गया और छह घंटे के बाद उनके कुछ प्रमुख फ्रैक्चर का सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर दिया गया। वह फिलहाल आईसीयू में डॉक्टर की निगरानी में हैं।
तीन या चार दिन के आराम के बाद उनकी बाकी फ्रैक्चर और चोटों के लिए फिर से ऑपरेशन किया जाएगा। यह दुनिया भर के उनके सभी प्रशंसकों, परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों के आशीर्वाद और समर्थन का ही परिणाम है कि वह अब बिल्कुल ठीक हैं। पवनदीप को अपनी प्रार्थनाओं में रखने के लिए आप सभी का तहे दिल से शुक्रिया।
कार में फंसे पवनदीप एंबुलेंस चालक से बोले परिजनों से बात करा दीजिए...
गजरौला हाईवे पर हादसे में घायल हुए टीवी शो इंडियन आइडल 12 के विजेता गायक पवनदीप ने नाजुक हालत में एंबुलेंस चालक नितीन कुमार से कहा था कि मेरे परिजनों से बात करा दीजिए। पवनदीप के बताए मोबाइल नंबर पर नितिन ने उनके परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
उत्तराखंड के चंपावत निवासी टीवी शो इंडियन आइडल 12 के विजेता सिंगर पवनदीप रविवार रात उत्तराखंड से दिल्ली जा रहे थे। रात करीब ढाई बजे उनकी कार हाईवे पर सीओ ऑफिस के निकट खड़े कैंटर में घुस गई थी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
उनके साथ कार चालक राहुल सिंह और साथी अजय मेहरा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर तीनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
अस्पताल संचालक सुमेर चौधरी ने पवनदीप के परिजनों से बात कराने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद एंबुलेंस चालक नितीन कुमार ने उनके परिजनों से बात कराई थी। पवनदीप के साथ हादसे की सूचना पाकर परिजन गजरौला के लिए निकल पड़े थे।
यहां आकर उन्होंने पुलिस से जानकारी ली कि हादसा कैसे हुआ। पुलिस ने उनके माता-पिता को बताया था कि उनकी कार तेज रफ्तार होने के कारण हादसे का शिकार हुई। पुलिस ने उनके माता-पिता को पवनदीप की चेन, अंगूठी आदि सौंप दिए थे। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है।