मुरादाबाद। शतरंज के बोर्ड पर स्कूली बच्चों ने शनिवार को भी दिमागी घोड़े दौड़ाए और रोमांच से भरपूर मैचों में बाजी अपने नाम की। विद्यार्थियों ने अपनी चतुराई भरी चालों से विरोधी खिलाड़ी को चित कर मुकाबला जीता। तीन स्कूलों के 184 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और 18 मई को होने वाले अमर उजाला शतरंज प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले के लिए 18 और विद्यार्थियों ने क्वालीफाई कर लिया।
क्रिप्टन पब्लिक स्कूल में ओजल अग्रवाल ने मैच के शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाया और 16वीं चाल में ही विरोधी खिलाड़ी को पस्त कर जीत हासिल कर ली। वहीं, वीकेएस पब्लिक स्कूल में मानवी यादव ने रोमांचक मुकाबले में विरोधी खिलाड़ी को चकमा देते हुए लगातार तीन मोहरे चित कर मैच अपने नाम कर लिया। इसके अलावा विल्सोनिया स्कालर्स होम में आयुषी वर्मा ने लगभग हार की कगार पर पहुंचने के बाद शानदार वापसी कर विरोधी खिलाड़ी के राजा को चारों ओर से घेरकर मुकाबला जीता।
तीनों ही स्कूलों में आयोजित अमर उजाला शतरंज प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। क्रिप्टन पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. सीबी जदली, वीकेएस स्कूल के प्रधानाचार्य तारंग गोयल और प्रबंधक पूनम मल्होत्रा व विल्सोनिया स्कूल की प्रधानाचार्य श्वेतांगना संतराम ने कहा कि शतरंज महज खेल नहीं, यह सोच, रणनीति और आत्मबल का प्रतीक है। अगर सही दिशा मिले तो यह बच्चे कल शतरंज की दुनिया में भारत का परचम लहरा सकते हैं। उन्होंने अमर उजाला की इस पहल की सराहना की। वहीं, जिला शतरंज एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रकांत सरन और प्रमोद बिष्ट ने कहा कि शतरंज के खिलाड़ी कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। इन्हें शानदार मंच मिला है।
- यह बने विजेता
क्रिप्टन पब्लिक स्कूल
जूनियर वर्ग - सार्थक बंसल, ओम अग्रवाल, अदृशा यादव
सीनियर वर्ग - ओजस अग्रवाल, गार्गी देवल, वैष्णवी सिक्का
वीकेएस पब्लिक स्कूल
जूनियर वर्ग - मानवी यादव, कार्तिक शर्मा, आदि देवनाथ
सीनियर वर्ग - हार्दिक भारद्वाज, देव शर्मा, रीतिका सिंह
विल्सोनिया स्कॉलर्स होम
जूनियर वर्ग - दिव्यांश सिंह, अली हैदर, प्रियांश राज
सीनियर वर्ग - आयुषी वर्मा, वैष्णवी, अरीबा नूर
-
विजेताओं को मिलेगा नकद पुरस्कार
अमर उजाला शतरंज प्रतियोगिता पूरी तरह से निशुल्क है। 22 अप्रैल से शुरू हुई प्रतियोगिता 18 मई तक चलेगी। प्रतियोगिता के विजेताओं को करीब 50 हजार रुपये के नकद इनाम दिए जाएंगे। प्रतियोगिता जूनियर (12 वर्ष से कम) और सीनियर (12 वर्ष से अधिक) वर्ग में आयोजित की जा रही है।
-
कल के मुकाबले
अमर उजाला शतरंज प्रतियोगिता में सोमवार को तीन स्कूलों में मुकाबले होंगे। यह मुकाबले गोविंदनगर स्थित शिशु वाटिका इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस स्थित बोनी एनी इंटर कॉलेज और छजलैट स्थित राजेंद्र एकेडमी भीकनपुुर में होंगे।