अमरोहा। ईओ सलिल भारद्वाज के नौगावां सादात नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष पति नदीम अब्बास जैदी के प्रवेश वर्जित करने के बाद वहां के सभासदों ने भी मोर्चा खोल दिया है।
डीएम को शिकायती पत्र देकर नदीम अब्बास जैदी को स्वच्छता प्रेरक के पद से हटाने की मांग की है। सरकारी संपत्तियों पर लगे उनके फोटो भी हटाने के साथ बोर्ड की बैठक में उनके हस्तक्षेप खत्म करने को कहा है।
बुधवार की सुबह नौगावां सादात नगर पंचायत कार्यालय जगह-जगह पोस्टर चस्पा किए गए थे। पोस्टर पर लिखा हुआ था कि नगर पंचायत कार्यालय में नदीम अब्बास जैदी का प्रवेश वर्जित है। यह पोस्ट किसी और ने नहीं बल्कि नगर पंचायत के प्रभारी ईओ सलिल भारद्वाज ने लगवाए थे। ईओ ने शासनादेश का हवाला देकर स्पष्ट कहा था कि जनप्रतिनिधि अपना हस्तक्षेप कार्यालयों में नहीं कर सकता।
आरोप लगाया था कि नदीम अब्बास जैदी का हस्तक्षेप लगातार बढ़ता जा रहा था। कर्मचारियों को धमकाने और अनैतिक तरीकों से बिना टेंडर वाले काम कराने का दबाव बनाने थे। उन्होंने वर्तमान में अध्यक्ष सुबीना जैदी पर भी फोन नहीं उठाने का आरोप लगाया था। हालांकि, नदीम अब्बास जैदी ने खुद को नगर पंचायत में स्वच्छता प्रेरक बताते हुए पोस्टर लगाने का उद्देश्य ब्लैकमेलिंग बताया था। साथ ही उन्होंने मामले की शिकायत डीएम से करने की बात कही थी।
बृहस्पतिवार को नगर पंचायत के वार्ड सभासदों ने भी नदीम अब्बास जैदी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कलक्ट्रेट पहुंचे सभासदों ने डीएम निधि गुप्ता वत्स को शिकायतीपत्र देकर बताया कि नदीम अब्बास जैदी बोर्ड मीटिंग में हस्तक्षेप करते हैं।
उन्हें नगर पंचायत में स्वच्छता प्रेरक बना रखा है, जबकि सफाई व्यवस्था कोसों दूर है। इसलिए स्वच्छ भारत मिशन अभियान को ध्यान में रखते हुए नदीम अब्बास जैदी को तत्काल प्रभाव से स्वच्छता प्रेरक के पद से हटाया जाए।
सभासदों ने कहा कि नगर में शीतल जल प्याऊ पर नदीम अब्बास जैदी के फोटो लगे हैं। अध्यक्ष के आवास को दर्शाने के लिए लगाए गए बोर्ड पर भी उन्हीं की फोटो हैं, जिससे यह साबित होता है कि अध्यक्ष पति नदीम अब्बास जैदी का नगर पंचायत कार्यालय में पूरा हस्तक्षेप है। सरकारी संपत्तियों पर लगे उनके फोटो भी हटाए जाएं। इस दौरान रिजवान हैदर, हैदर अली, राशिद, अब्बास हैदर समेत कई सभासद मौजूद रहे।