कांठ। क्षेत्रीय सपा विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर ने मंगलवार को नगर स्थित सपा कार्यालय पर पहुंचकर क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुना। यहां किसी ने विधायक के समक्ष बिजली की समस्या रखी तो कोई सड़कों और जलभराव की समस्या लेकर पहुंचा। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए कहा।
इस दौरान बिजली, सड़कों, पानी, जल भराव, जर्जर लाइनों, जमीनी विवादों, राशन, पेंशन आदि से संबंधित समस्याएं दर्ज की गई। यहां विधायक ने कई शिकायतों व समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण भी कराया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं को सुनना उनकी पहली प्राथमिकता है। कहा कि आज भाजपा शासन में लोग परेशान हैं, महंगाई चरम पर पहुंच गई है। युवा बेरोजगार घूम रहे हैं और किसानों को फसलों का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाला समय सपा का है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा ही प्रदेश में परचम लहराएगी। सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर आरिफ मलिक, अरशद खान, अमजद अली, दानिश अंसारी, भूरा खान, जुबैर, शकील आदि सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।