मुरादाबाद। गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, यदि किसी केंद्र पर कोई अनियमितता मिलेगी तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। यह निर्देश डीएम अनुज सिंह ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस की अध्यक्षता करते हुए दिए। किसान दिवस में डीएम किसानों की समस्याएं सुनीं और उन्हें निस्तारित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। इस दौरान किसानों ने बिलारी शुगर मिल से बकाया गन्ना मूल्य भुगतान दिलाने की बात भी रखी। इस पर जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान के लिए शुगर मिल ने ऋण के लिए आवेदन किया है। ऋण मिलते ही किसानों के अवशेष गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया जाएगा। डीएम ने निर्देश दिए कि गन्ने का ट्रक ओवर हाईट न हों। किसी भी गन्ना क्रय केंद्र पर किसी भी प्रकार की घटतौली न हो, इसे हर हाल में सुनिश्चित करें। फिर भी यदि किसी भी गन्ना क्रय केंद्र पर कोई अनियमितता मिलेगी तो संबंधित के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कराकर सख्त कार्रवाई होगी।
किसानों ने जल निगम पर गांवों में मुख्य सड़कें खोदकर छोड़ देने की शिकायत रखी। इसके अलावा मूढ़ापांडे क्षेत्र के किसानों ने नहर में कुलावा नहीं होने, अगवानपुर बिजलीघर से नलकूप लाइन पर मात्र दो घंटे बिजली आपूर्ति करने की शिकायत की गई। डीएम ने किसानों से फार्मर रजिस्ट्रेशन में सहयोग की अपील की। इस दौरान एडीएम (वित्त एवं राजस्व), सीएमओ, डिप्टी सीएमओ, उप निदेशक कृषि, उपायुक्त मनरेगा, जिला गन्ना अधिकारी, एआर-कोआपरेटिव, अधिशासी अभियंता विद्युत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डाटा मिलान न होने से 400 किसान को नहीं मिली धनराशि
- किसान दिवस में बताया गया कि जिले में 5900 बाढ़ प्रभावित किसानों का चयन किया गया है, इसमें से 5500 किसानों के खाते में धनराशि भेज दी गई है। शेष 400 किसानों का डाटा मिलान नहीं हो पाया है, जिसके कारण उनके खातों में धनराशि अभी नहीं भेजी जा सकी है। इनका डाटा ठीक कराया जा रहा है।
-