कटघर थानाक्षेत्र के करूला में पति ने महिला को पीट पीट कर मौत के घाट उतार दिया। पति ने अपने इस गुनाह को छिपाने के लिए उसने पत्नी को जबरन जहर भी खिलाया। ताकि वह हत्या को आत्महत्या का रूप दे सके। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सच सामने आ गया।
पीएम रिपोर्ट के मुताबिक, महिला के शरीर पर चोटों के आठ निशान मिले हैं। महिला के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
बिलारी के बिरनपुर निवासी जैनुद्दीन ने अपनी बेटी परवीन जहां की शादी साढ़े छह साल पहले कटघर थानाक्षेत्र के करूला निवासी सरफराज के साथ की थी। महिला के दो बच्चे रेहान और फात्मा हैं। परवीन जहां के पिता ने बताया कि सरफराज पॉलिश कारीगर है।
वह लंबे समय से परवीन पर दबाव बना रहा था कि वह अपने मायके से एक लाख रुपये और कार लेकर आए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करता था। गुरुवार की रात उसने अपने मां-बाप और भाई के साथ मिलकर उससे पीट पीट कर मौत के घाट उतार दिया। जबकि उन्हें सूचना दे दी गई है कि परवीन ने आत्महत्या कर ली है।
खबर मिलने पर मायके वाले पहुंच गए। उन्होंने सूचना देकर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। जिसमें हत्या की पुष्टि हुई है। महिला के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। इसके अलावा महिला को जहर भी खिलाय गया था। सीओ कटघर महेश कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।