मुरादाबाद। एक युवक पर उसकी पत्नी ने पुलिस थाने के सामने उसको तीन तलाक देने का आरोप लगाते हुए एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र दिया है। पीड़िता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं कर पाने पर पति ने तलाक दे दी।
मुगलपुरा थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला ने बताया कि 29 जुलाई को दिल्ली की दिलशाद कालोनी निवासी युवक से उसका निकाह हुआ था। पीड़ित का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले उससे मारपीट करने लगे थे। उसे दहेज के लिए तरह तरह से प्रताड़ित किया गया। उसने इस मामले की शिकायत मुगलपुरा थाने में की थी। 23 अप्रैल को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। यहां दोनों पक्षों में वार्ता हुई थी। आरोप है कि थाने से निकलते ही पति ने उसे तीन तलाक दे दीं और रिश्ता खत्म कर लिया। एसएसपी ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।