मुरादाबाद। बिलारी थानाक्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि पति ने उस पर देह व्यापार के लिए दबाव बनाया था। महिला ने विरोध किया तो पति ने तीन तलाक दे दिया। महिला ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित महिला ने बताया कि वह एक पैर से दिव्यांग है। आठ साल पहले उसकी शादी बिलारी थानाक्षेत्र निवासी युवक के साथ हुई थी। महिला का आरोप है कि पति उसकी दिव्यांग पेंशन भी छीनकर शराब और जुएं में उड़ा देता है। पीड़ित ने बताया कि तीन माह पहले ननदोई ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की थी। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाया कि तेरे पति ने मुझसे 20 हजार रुपये ले रखे हैं। पीड़ित का आरोप है कि पति उससे देह व्यापार कराना चाहता है। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी पति ने उसे तीन तलाक दे दिया है। एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बिलारी थाना प्रभारी को केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।