हादसे में घायल बेटी और मुखाग्नि देता बेटा
- फोटो : संवाद
गजरौला में हुए सड़क हादसे से मुरादाबाद निवासी दंपती के ब्रजघाट पर गंगा स्नान करने और कांवड़ लाकर शिवालय में चढ़ाने के अरमान अधूरे रह गए। ब्रजघाट पहुंचने से पहले ही गजरौला में कार की टक्कर से स्कूटी सवार संजीव गुप्ता (48) और उनकी पत्नी दुर्गा गुप्ता (47) की मौत हो गई।
हादसे में घायल 12 साल की बेटी पूर्वी की हालत गंभीर है। इकलौते बेटे प्रियांशु (18) ने माता-पिता को मुखाग्नि दी। प्रीत विहार खुशहालपुर रोड निवासी संजीव गुप्ता दिल्ली रोड स्थित एक एक्सपोर्ट फर्म में ठेकेदारी करते थे।
शनिवार की रात वह अपनी पत्नी दुर्गा और बेटी पूर्वी को साथ लेकर स्कूटी से ब्रजघाट जाने के लिए निकले थे। परिजनों ने बताया कि दंपती की रविवार को अमावस्या पर गंगा स्नान करने के बाद कांवड़ लाकर सोमवार को मंदिर में जलाभिषेक करने की थी।
मृतक दंपती के भांजे मिलन विहार निवासी अंकित अग्रवाल ने बताया कि तड़के करीब तीन बजे पुलिस ने सूचना दी कि तुम्हारे मामा-मामी की मौत हो गई है। उनकी बेटी घायल है। इसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए।
घायल पूर्वी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत नाजुक है। वहीं दंपती के शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे तो चीखपुकार मच गई। लोकोशेड स्थित मोक्षधाम पर दंपती के इकलौते बेटे प्रियांशु ने अंतिम संस्कार किया।
प्रियांशु पर आई बहन की जिम्मेदारी
मृतक दंपती का बेटा प्रियांशु हिंदू कॉलेज में स्नातक का छात्र है। उसकी छोटी बहन पूर्वी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। अब प्रियांशु के कंधों पर अपनी बहन की जिम्मेदारी आ गई है। संजीव के घर के पास ही उनके बड़े भाई संजय गुप्ता का घर है।