मुरादाबाद। सिविल लाइंस के रेलवे हरथला कॉलोनी आजाद नगर में पत्नी पूनम (35) की गला घोंटकर हत्या करने वाले आरोपी पति नीटू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया है।
संभल जनपद के बहजोई थाना क्षेत्र के पंवासा निवासी नीटू अपनी पत्नी पूनम, बेटी भूमि, संजना और बेटा अभि के साथ सिविल लाइंस के रेलवे हरथला कॉलोनी आजाद नगर में पिंटू उर्फ काले के मकान में रहता था। मंगलवार रात नीटू शराब पीकर घर लौटा था। इसी बात को लेकर नीटू और पूनम के बीच विवाद हो गया। पड़ोसी किरायेदारों ने दोनों को समझाकर सुला दिया था, लेकिन फिर से रात में ही झगड़ा शुरू हो गया था। इसी विवाद में नीटू ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसकी लाश को चादर से ढक दिया था।
बुधवार सुबह वह संभल में पूनम के मायके पहुंच गया और उसने बताया कि जयंतीपुर से कुछ युवक उसके मकान पर आए थे। वो पूनम की हत्या कर भाग गए हैं। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि इस मामले में नीटू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूला है कि पति पत्नी के बीच झगड़ा हो गया था। इसके बाद उसने ही पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। बृहस्पतिवार दोपहर बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।