सिविल लाइंस थाने की अगवानपुर पुलिस चौकी में तैनात रहे दरोगा महेश पाल सिंह को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़वाने वाले निजार खां को पुलिस ने गांजे की तस्करी में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने निजार से एक किलो 900 ग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया है। गांजे की तस्करी में पकड़ा गया निजार खां सिविल लाइंस के बिशनपुर भीमाठेर गांव निवासी है। उसकी शिकायत पर 21 फरवरी को अगवानपुर पुलिस चौकी पर तैनात रहे दरोगा महेश पाल सिंह को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़वाया था।
उसने बताया था कि पुलिस ने उसके शस्त्र लाइसेंस को खारिज करने के लिए रिपोर्ट लगा दी थी। इस मामले में उसने डीएम कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर दो पुलिस कर्मियों के खिलाफ गलत तरीके से फंसाने का आरोप लगाया था। इस मामले की जांच चल रही थी।
अगवानपुर पुलिस चौकी पर तैनात रहे दरोगा इस मामले की जांच कर रहे थे। निजार ने आरोप लगाया था कि खारिज रिपोर्ट न लगाने के लिए दरोगा ने 20 हजार रुपये मांगे थे।
इसी शिकायत पर पुलिस ने दरोगा को सिविल लाइंस थाने में महिला हेल्प डेस्क पर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। अब पुलिस ने दावा किया है कि बुधवार रात अगवानपुर चौकी इंचार्ज मेघराज सिंह पुलिस कर्मियों के साथ बिशनपुर रेलवे क्राॅसिंग के पास गश्त कर रहे थे।
इसी दौरान उन्हें सूचना मिली की हड्डी मिल की और से बाइक सवार निजार खां गांजा लेकर गांव जा रहा है। पुलिस कर्मियों ने चौधरी मार्केट के पास उसकी घेराबंदी करके दबोच लिया।
पुलिस की तलाशी में उसके पास से एक किलो 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
जिस चौकी के दरोगा को पकड़वाया, वहीं की पुलिस ने पकड़ा
निजार खान ने जिस अगवानपुर चौकी पर तैनात रहे दरोगा महेश पाल सिंह को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़वाया था। अब उसी चौकी की पुलिस ने निजार खां को गांजे की तस्करी में पकड़ा है।